होम्बले फिल्म्स ने परशुराम जयंती पर ‘महा अवतार परशुराम’ का किया भव्य एलान

होम्बले फिल्म्स ने परशुराम जयंती पर ‘महा अवतार परशुराम’ का किया भव्य एलान

-दिसंबर 2027 में रिलीज होगी महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की दूसरी बड़ी फिल्म, मोशन पोस्टर ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें

हैदराबाद, 20 अप्रैल। भारतीय सिनेमा के दिग्गज प्रोडक्शन बैनर होम्बले फिल्म्स ने परशुराम जयंती के पावन अवसर पर अपनी महत्वाकांक्षी एनिमेटेड फ्रेंचाइजी ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ की अगली फिल्म ‘महा अवतार परशुराम’ की घोषणा कर दी है। मेकर्स ने फिल्म का एक रोमांचक मोशन पोस्टर जारी किया है, जिसमें एक शक्तिशाली योद्धा को खून से लथपथ युद्ध के मैदान में हाथ में विशाल ‘परशु’ (फरसा) थामे देखा जा सकता है। पोस्टर के साथ जारी संदेश में कहा गया है कि जब धर्म का पतन होता है, तो अधर्म के विनाश के लिए परशु का उदय होता है। यह फिल्म दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

निर्देशक अश्विन कुमार के निर्देशन में बन रही यह फिल्म भगवान विष्णु के छठे अवतार की वीरता और उनके न्याय की गाथा को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी। फिल्म के मोशन पोस्टर में महादेव के क्रोध और महाविष्णु की इच्छा का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि कैसे उन्होंने धरती को इक्कीस बार अधर्मियों के रक्त से पवित्र किया था। निर्माता विजय किरागंदुर इस पौराणिक महाकाव्य को न केवल हिंदी, बल्कि कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। यह फिल्म अपनी भव्यता और विजुअल इफेक्ट्स से दर्शकों को एक अलग ही अनुभव देने का वादा करती है।

होम्बले फिल्म्स का यह ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ एक लंबी और विस्तृत योजना का हिस्सा है। इसकी शुरुआत 2025 में ‘महावतार नरसिम्हा’ से हुई थी और अब ‘महा अवतार परशुराम’ इस कड़ी की दूसरी फिल्म है। मेकर्स ने भविष्य का खाका खींचते हुए बताया है कि इसके बाद 2029 में ‘महावतार रघुनंदन’ और 2031 में ‘महावतार धावकादेश’ जैसी फिल्में आएंगी। इस पूरे प्रोजेक्ट का समापन वर्ष 2037 में ‘महावतार कल्कि पार्ट 2’ के साथ होगा। यह भारतीय एनिमेशन और पौराणिक कथाओं के संगम को वैश्विक स्तर पर ले जाने की एक बड़ी कोशिश मानी जा रही है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button