एचडीएफसी बैंक का तिमाही मुनाफा 9.1 प्रतिशत बढ़कर 192.2 अरब रुपये पर

एचडीएफसी बैंक का तिमाही मुनाफा 9.1 प्रतिशत बढ़कर 192.2 अरब रुपये पर

मुंबई, निजी क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता एचडीएफसी बैंक को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकल आधार पर 192.2 अरब रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 9.1 प्रतिशत अधिक है।

बैंक के निदेशकमंडल की शनिवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों के साथ अंतिम लाभांश को भी मंजूरी प्रदान की गई। एक रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक शेयर पर 13 रुपये का अंतिम लाभांश मिलेगा।

इसके अलावा बैंक ने पिछले साल 11 अगस्त को 2.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश भी दिया था। इस प्रकार वित्त वर्ष के दौरान कुल लाभांश 15.5 रुपये प्रति शेयर हो जायेगा।

तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध राजस्व पांच प्रतिशत बढ़कर 462.8 अरब रुपये पर पहुंच गया।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान शुद्ध मुनाफा 10.9 फीसदी और शुद्ध राजस्व 13.62 फीसदी बढ़ा है। बैंक ने साल के दौरान 746.7 अरब रुपये का शुद्ध मुनाफा और 1,912.2 अरब रुपये का शुद्ध राजस्व कमाया है।

बैंक ने बताया कि अंतिम तिमाही में ब्याज से उसकी शुद्ध आय 330.8 अरब रुपये रही जो सालाना 3.2 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने शुल्क और कमीशन के रूप में 92.2 अरब रुपये की कमाई की।

बैंक द्वारा दिया गया कुल बकाया ऋण 31 मार्च 2026 को 29.600 अरब रुपये था जो एक साल पहले के मुकाबले 12 फीसदी अधिक है। इसमें खुदरा ऋण की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत और एसएमई को दिये गये ऋण की 17.2 प्रतिशत रही है। वहीं, अन्य थोक ऋण में 13 फीसदी का इजाफा हुआ है।

बैंक की गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के अनुपात में सुधार देखा गया है। सकल एनपीए एक तिमाही पहले के 1.24 प्रतिशत से घटकर 0.91 प्रतिशत रह गया। इस दौरान शुद्ध एनपीए भी 0.42 प्रतिशत से गिरकर 0.38 प्रतिशत हो गया।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button