बारुईपुर रेप-मर्डर केस के मुख्य आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत, टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने जताई कड़ी आपत्ति
बारुईपुर रेप-मर्डर केस के मुख्य आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत, टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने जताई कड़ी आपत्ति
दक्षिण 24 परगना, 08 जुलाई। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात उसे घटना के रिकंस्ट्रक्शन के लिए क्राइम सीन पर ले जाया गया था, जहाँ उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी नहीं रुका, जिसके बाद आत्मरक्षा और स्थिति पर काबू पाने के लिए की गई फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी की मां का कठोर रुख
इस घटना के बाद आरोपी की मां ने अपने बेटे का शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके बेटे ने जघन्य अपराध किया था और उसे उसके कुकर्मों की सजा मिल गई है। माँ ने पुलिस से कहा कि उसे आरोपी के शव से कोई मतलब नहीं है और वह उसे अपने घर नहीं लाएगी। यह घटना उस समय हुई जब राज्य भर में इस मामले को लेकर भारी जनाक्रोश फैला हुआ है और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया
पुलिस एनकाउंटर पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने इस मुठभेड़ की कड़ी निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बजाय पुलिस ने उसे क्यों मार गिराया। वहीं, इस जघन्य अपराध और एनकाउंटर के विरोध में टीएमसी द्वारा आज कोलकाता में एक विरोध रैली का आयोजन किया गया है, जिसके लिए हाई कोर्ट ने अनुमति दे दी है।