पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 625 अंक लुढ़का
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 625 अंक लुढ़का
मुंबई, 08 जुलाई । अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गहराने से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 364.27 अंक की गिरावट के साथ 77,816.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 540 अंक (0.69 प्रतिशत) टूटकर 77,640.72 अंक पर था। इससे पहले एक समय यह 625 अंक फिसलकर 77,555 अंक तक उतर गया था।
पश्चिम एशिया संकट को लेकर अंतिम शांति समझौते पर जारी वार्ता के बीच अमेरिका ने एक बार ईरान पर हमले किये हैं। इससे शेयर बाजार में निवेशकों का विश्वास कमजोर हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 149.15 अंक नीचे 24,259.55 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 167 अंक की गिरावट में 24,231.70 अंक पर रहा।
वृहत बाजार में भी बिकवाली चल रही है। धातु, फार्मा, स्वास्थ्य और रियल्टी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में हैं। एनएसई में ऑटो, एफएमसीजी, मीडिया और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक एक से डेढ़ फीसदी तक नीचे चल रहे हैं। सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स का शेयर तीन फीसदी के करीब गिर गया। आईटीसी में ढाई फीसदी और इंडिगो तथा मारुति सुजुकी में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट है। बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल और एनटीपीसी के शेयर एक से दो प्रतिशत तक उतर गये हैं। अडानी पोर्ट्स और सन फार्मा के शेयर ऊपर हैं।