कोलकाता में 27 अप्रैल तक डेरा डालेंगे अमित शाह

कोलकाता में 27 अप्रैल तक डेरा डालेंगे अमित शाह

कोलकाता, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रचारक और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अंतिम चरण के मतदान के लिए प्रचार के आखिरी दिन आगामी 27 अप्रैल तक कोलकाता में ही रहेंगे। बुधवार को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। उससे पहले सोमवार को प्रचार का समय समाप्त हो जाएगा। वहीं, 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होने के दौरान भी शाह राज्य में मौजूद रहेंगे।

मंगलवार देररात अमित शाह ने न्यू टाउन स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में दूसरे चरण के मतदान को लेकर रणनीतिक बैठक की। जिन क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान होना है, वहां के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रवासी जिला प्रभारियों के साथ उन्होंने चर्चा की। बैठक में चार संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी नेताओं को बुलाया गया , जिनके अधीन कुल 13 संगठनात्मक जिले आते हैं। शाह के साथ पार्टी के केंद्रीय नेता भूपेंद्र यादव, बिप्लब देव, सुनील बंसल और अमित मालवीय भी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात लगभग पौने 10 बजे बैठक शुरू हुई और रात 2 बजकर 5 मिनट पर समाप्त हुई। बताया जा रहा है कि इन 13 जिलों के अंतर्गत आने वाली प्रत्येक विधानसभा सीट की अलग-अलग समीक्षा अमित शाह ने की। बैठक में किन विधानसभा क्षेत्रों में क्या स्थिति है, अल्पसंख्यक मतदाताओं का कितना प्रभाव है, विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद हालात कैसे बदले हैं, कहां जीत की संभावना मजबूत है और कहां चुनौतीपूर्ण स्थिति है, इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सूत्रों का कहना है कि अमित शाह के पास इन क्षेत्रों को लेकर अपनी रिपोर्ट भी है, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं से प्रत्यक्ष जानकारी लेकर उन्होंने स्थिति का आकलन किया। बैठक में मौजूद एक नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया है कि अमित शाह ने दूसरे चरण के चुनाव से पहले प्रत्येक क्षेत्र में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती सुनिश्चित करने और चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का आह्वान किया है। शाह ने कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व पूरी ताकत से बंगाल की संगठन की इकाई के साथ खड़ा है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button