एलएसजी के टॉप आर्डर को आर्चर से रहना होगा सावधान
एलएसजी के टॉप आर्डर को आर्चर से रहना होगा सावधान
लखनऊ, आईपीएल 2026 में हार की हैट्रिक लगा चुकी लखनऊ सुपर जॉयंट्स (एलएसजी) अपने घर में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का सामना करेगी। लगातार चार जीत के साथ शानदार शुरुआत करने वाली आरआर ने भी पिछले दो मैचों में लगातार हार झेली है। हालांकि, इसके बावजूद आरआर की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, लेकिन एलएसजी नौवें स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए छह में से चार मैच आरआर ने जीते हैं। इकाना स्टेडियम में दोनों टीमों की अब तक एक ही भिड़ंत हुई है जिसमें आरआर ने आसानी से जीत दर्ज की थी। आईपीएल 2025 से अब तक एलएसजी ने अपने घर में नौ में से सात मैच गंवाए हैं तो आगामी मैच से पहले उनके ऊपर भारी दबाव होगा।
एलएसजी के टॉप ऑर्डर की परीक्षा लेंगे आर्चर
इस सीज़न लगातार तीन मैच हो चुके हैं जिनमें जोफ़्रा आर्चर ने पहली गेंदों पर ही विकेट निकाले हैं। अब उनका सामना एलएसजी के उस टॉप ऑर्डर से होगा जो इस सीजन काफ़ी संघर्ष करती दिख रही है। इस सीजन पावरप्ले में आर्चर ने छह पारियों में 8.6 की इकॉनमी के साथ छह विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक-रेट 11 का रहा है। एलएसजी का टॉप आर्डर इस सीजन काफ़ी ख़राब फ़ॉर्म में दिख रहा है।
मिचेल मार्श ने इस सीज़न 134 और ऋषभ पंत ने 136 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं। मार्श ने छह पारियों में 155 रन बनाए हैं और अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। पंत ने एक अर्धशतक तो लगाया है, लेकिन इस सीजन अब तक केवल 147 रन ही बना पाए हैं। एडन मारक्रम टीम के सबसे अच्छे बल्लेबाज़ नजर आए हैं जिन्होंने छह पारियों में 160 की स्ट्राइक-रेट से 162 रन बनाए हैं।
क्या आरआर के ओपनर्स को परेशान करेंगे प्रिंस?
आरआर के ओपनर बल्लेबाज़ों ने इस सीजन धमाकेदार प्रदर्शन किया है और ख़ास तौर से पावरप्ले में उन्होंने काफ़ी तेज़ी से रन बनाए हैं। अब उनका सामना प्रिंस यादव से होगा जो इस सीजन शानदार गेंदबाज़ी कर रहे हैं। इस सीज़न वैभव सूर्यवंशी ने 248 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं और हर दूसरी गेंद पर बाउंड्री लगाते हैं। सूर्यवंशी केवल एक ही बार पावरप्ले में आउट हुए हैं। दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल ने इस सीज़न 156 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं और हर चौथी गेंद पर बाउंड्री लगा रहे हैं।
प्रिंस ने नई और पुरानी दोनों गेंदों से अब तक लगातार प्रभावित किया है। प्रिंस ने इस सीज़न पावरप्ले में छह पारियों में पांच विकेट निकाले हैं और सबसे ख़ास बात ये है कि उनकी इकॉनमी केवल 7.6 की रही है। प्रिंस ने 11 की स्ट्राइक-रेट से विकेट निकाले हैं। अच्छी गति से गेंदबाज़ी करने वाले प्रिंस निश्चित तौर पर शुरुआत में ही RR ओपनर्स को परेशान कर सकते हैं।
खराब फ़ॉर्म से जूझ रहे पराग की और बढ़ेंगी मुश्किलें
आरआर के कप्तान रियान पराग इस सीजन लगातार फ़ॉर्म के लिए जूझ रहे हैं और छह पारियों में उनके बल्ले से 122 की स्ट्राइक-रेट से केवल 61 रन निकले हैं। एलएसजी के दो अनुभवी गेंदबाज़ों आवेश ख़ान और मोहम्मद शमी का उनके ख़िलाफ़ रिकॉर्ड शानदार रहा है तो उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। शमी के ख़िलाफ़ पराग ने आईपीएल में पांच पारियों में 124 की स्ट्राइक-रेट से केवल 21 रन बनाए हैं और तीन बार उनका शिकार बन चुके हैं। दूसरी ओर आवेश के ख़िलाफ चार पारियों में पराग दो बार आउट हो चुके हैं। इस दौरान पराग ने 100 की स्ट्राइक-रेट से केवल 16 रन ही बनाए हैं।
दोनों टीमों को बल्ले से सुधारनी होगी फ़िनिशिंग
एलएसजी और आरआर दोनों ही आख़िरी के ओवरों का लाभ लेने में विफल साबित हो रहे हैं। आख़िरी चार ओवरों का महत्व सबसे अधिक रहता है, लेकिन ये दोनों ही टीमें इस अवधि में दिशा भटक जा रही हैं। इस सीजन 17 से 20 ओवरों के बीच सबसे कम रन-रेट वाली टीमों की बात की जाए तो आरआर (8.8) पहले स्थान पर है। एलएसजी का रन-रेट भी इस अवधि में 9.6 रहा है जो ख़राब तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन अन्य टीमों को देखते हुए अब ये भी साधारण लगने लगा है।
यदि 17 से 20 ओवर के बीच सबसे अधिक विकेट गंवाने वाली टीमों की बात करें तो एलएसजी दूसरे स्थान पर जिन्होंने 14 विकेट गंवाए हैं। आरआर ने इस अवधि में 9 विकेट गंवाए हैं और संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। एसआरएच ने इस सीज़न 17 से 20 ओवर के बीच सर्वाधिक 21 विकेट गंवाए हैं।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट