प्रोसेसर, रैम या स्टोरेज नया लैपटॉप खरीदने से पहले किन-किन बातों का रखें ध्यान
प्रोसेसर, रैम या स्टोरेज नया लैपटॉप खरीदने से पहले किन-किन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन क्लास, प्रोजेक्ट वर्क, प्रजेंटेशन, रिसर्च, प्रोग्रामिंग और अलग-अलग एजुकेशनल एक्टिविटीज के लिए लैपटॉप की जरूरत लगातार बढ़ रही है। देखें तो बाजार में सैकड़ों मॉडल और दर्जनों ब्रांड मौजूद हैं, जिनमें अलग-अलग प्रोसेसर, रैम, स्टोरेज और फीचर्स दिए जाते हैं। ऐसे में सही लैपटॉप चुनना कई लोगों के लिए चुनौती बन जाता है। सही जानकारी के साथ चुना गया लैपटॉप कई वर्षों तक आपकी जरूरतों को पूरा कर सकता है और बेहतर वैल्यू फॉर मनी भी साबित हो सकता है।
पहले जानें अपनी जरूरत
लैपटॉप खरीदने से पहले यह तय करना जरूरी है कि उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाएगा। यदि छात्र सामान्य पढ़ाई, ऑनलाइन क्लास, इंटरनेट ब्राउजिंग और डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए लैपटॉप लेना चाहते हैं, तो बेसिक कॉन्फिगरेशन वाला मॉडल पर्याप्त होगा। वहीं इंजीनियरिंग, ग्राफिक डिजाइन, वीडियो एडिटिंग, प्रोग्रामिंग या गेम डेवलपमेंट जैसे कोर्स करने वाले स्टूडेंट्स को अधिक क्षमता वाले लैपटॉप की आवश्यकता पड़ सकती है। हालांकि केवल ब्रांड या आकर्षक डिजाइन देखकर लैपटॉप खरीदना उचित नहीं है। जरूरत को समझकर ही सही मॉडल का चयन करना बेहतर होगा।
प्रोसेसर
किसी भी लैपटॉप का परफॉर्मेंस मुख्य रूप से उसके प्रोसेसर पर निर्भर करता है। वर्तमान में इंटेल कोर अल्ट्रा और एएमडी राइजेन एआई सीरीज के प्रोसेसर काफी लोकप्रिय हैं। साधारण इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन क्लास और डॉक्यूमेंट एडिटिंग के लिए एंट्री-लेवल प्रोसेसर पर्याप्त हैं। वहीं मल्टीटास्किंग, कोडिंग, ऑफिस कार्य और प्रोफेशनल उपयोग के लिए कोर अल्ट्रा 5 या राइजेन 5 जैसे प्रोसेसर बेहतर विकल्प माने जाते हैं।
हाई-एंड गेमिंग और भारी वीडियो एडिटिंग के लिए कोर अल्ट्रा 7, कोर अल्ट्रा 9 या राइजेन 7 और राइजेन 9 प्रोसेसर अधिक उपयुक्त होते हैं। लैपटॉप खरीदते समय प्रोसेसर की नई पीढ़ी (जनरेशन) को भी ध्यान में रखना चाहिए, क्योंकि नई जनरेशन के प्रोसेसर बेहतर प्रदर्शन और एनर्जी एफिशियंसी प्रदान करते हैं।
रैम और स्टोरेज
लैपटॉप की स्पीड और मल्टीटास्किंग क्षमता काफी हद तक रैम पर निर्भर करती है। वर्तमान समय में आठ जीबी रैम को न्यूनतम आवश्यकता माना जा रहा है। यदि बजट अनुमति देता है, तो 16 जीबी रैम वाला लैपटॉप भविष्य के लिए अधिक उपयोगी साबित हो सकता है। स्टोरेज के मामले में एसएसडी को प्राथमिकता देना बेहतर है, क्योंकि एसएसडी लैपटॉप को तेजी से बूट होने और एप्लिकेशन जल्दी खोलने में मदद करती है। कम से कम 512 जीबी एसएसडी स्टोरेज वाला मॉडल चुनना उपयुक्त रहेगा। कई लैपटॉप में अतिरिक्त स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा भी होती है।
बैटरी बैकअप
कॉलेज, कोचिंग या लाइब्रेरी में लंबे समय तक काम करने वाले स्टूडेंट्स के लिए बैटरी बैकअप एक महत्वपूर्ण पहलू है। लैपटॉप खरीदते समय कंपनी द्वारा बताए गए बैटरी बैकअप के साथ-साथ वास्तविक रियल यूजर्स की समीक्षा भी देखनी चाहिए। आमतौर पर कम से कम छह से आठ घंटे की बैटरी बैकअप जरूरी है। फास्ट चार्जिंग फीचर भी उपयोगी साबित हो सकता है।
डिस्प्ले की क्वालिटी
लंबे समय तक पढ़ाई और ऑनलाइन क्लास के दौरान स्क्रीन का महत्व काफी बढ़ जाता है। बेहतर अनुभव के लिए फुलएचडी (1920×1080) डिस्प्ले वाला लैपटॉप चुनना चाहिए। इससे पढ़ने, वीडियो देखने और प्रोजेक्ट तैयार करने में सुविधा होती है। स्क्रीन का आकार भी उपयोग के अनुसार चुनना चाहिए। 14 इंच के लैपटॉप पोर्टेबिलिटी के लिए बेहतर माने जाते हैं।
वजन और पोर्टेबिलिटी
जो स्टूडेंट्स रोजाना लैपटाप लेकर कालेज या कोचिंग जाते हैं, उनके लिए हल्का और पतला लैपटॉप अधिक सुविधाजनक होता है। 1.2 से 1.7 किलोग्राम तक वजन वाले लैपटॉप आसानी से बैग में ले जाए जा सकते हैं। भारी लैपटॉप लंबे समय तक ढोना असुविधाजनक हो सकता है। इसलिए खरीदारी से पहले वजन की जानकारी अवश्य लें।
ऑपरेटिंग सिस्टम
कई लैपटॉप पहले से इंस्टॉल ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आते हैं, जबकि कुछ मॉडल बिना ऑपरेटिंग सिस्टम के भी उपलब्ध होते हैं। छात्रों के लिए विंडोज आधारित लैपटॉप सबसे अधिक उपयोगी माने जाते हैं, क्योंकि अधिकांश एजुकेशनल सॉफ्टवेयर इन्हीं पर आसानी से चलते हैं। खरीदारी के समय यह सुनिश्चित कर लें कि लैपटॉप में लाइसेंस प्राप्त ऑपरेटिंग सिस्टम मौजूद हो। इससे सुरक्षा और नियमित अपडेट का फायदा मिलता है।
कनेक्टिविटी
आजकल अल्ट्रा-स्लिम लैपटॉप का चलन बढ़ रहा है, लेकिन इनमें कई बार पोर्ट्स की संख्या सीमित होती है। खरीदारी से पहले यह सुनिश्चित करें कि लैपटॉप में आपकी जरूरत के अनुसार, यूएसबी-सी, यूएसबी-ए, एचडीएमआइ और हेडफोन जैक जैसे पोर्ट मौजूद हों। भविष्य में अतिरिक्त डिवाइस कनेक्ट करने के लिए पर्याप्त कनेक्टिविटी होना जरूरी है। वहीं ऑनलाइन क्लास और वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए अच्छी क्वॉलिटी वाला कैमरा और माइक्रोफोन उपयोगी होता है।
वारंटी और सर्विस नेटवर्क
लैपटॉप खरीदते समय केवल कीमत ही नहीं, बल्कि कंपनी की वारंटी और सर्विस सुविधा भी देखनी चाहिए। ऐसी कंपनी का चयन करना बेहतर होता है जिसका सर्विस सेंटर आपके शहर या आसपास उपलब्ध हो। कई कंपनियां एक वर्ष की वारंटी के साथ एक्सटेंडेड वारंटी का विकल्प भी देती हैं। इससे भविष्य में संभावित खर्च कम हो सकता है।
कीमत की करें तुलना
खरीदारी से पहले विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफार्म और स्थानीय दुकानों की कीमतों की तुलना अवश्य करनी चाहिए। कई बार ऑनलाइन बेहतर ऑफर मिलते हैं, जबकि ऑफलाइन स्टोर तत्काल सेवा और डेमो की सुविधा प्रदान करते हैं। कई बार त्योहारी सीजन, बैक-टू-स्कूल ऑफर और छात्र छूट कार्यक्रमों के दौरान भी अच्छे डिस्काउंट मिल सकते हैं। हालांकि केवल कम कीमत देखकर निर्णय नहीं लेना चाहिए, बल्कि लैपटॉप की क्वॉलिटी और सर्विस को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट