‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में वीर हिरानी के डेब्यू से भावुक हुए अरशद वारसी

‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में वीर हिरानी के डेब्यू से भावुक हुए अरशद वारसी

मुंबई, 30 जून । फिल्म अभिनेता अरशद वारसी ने अपकमिंग वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से अभिनय की शुरुआत कर रहे वीर हिरानी की जमकर तारीफ की है।अरशद वारसी ने कहा कि वीर न केवल एक प्रतिभाशाली कलाकार हैं, बल्कि एक बेहद अच्छे इंसान भी हैं और उनके अंदर सफल अभिनेता बनने के सभी गुण मौजूद हैं।

अरशद वारसी ने कहा कि उन्होंने वीर को बचपन से बड़ा होते देखा है और अब उनके साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए बेहद भावुक और खास अनुभव है। उन्होंने कहा, “वीर जैसा इंसान है, उसकी वजह से लोग उसे बार-बार अपनी फिल्मों में लेना चाहेंगे। वह बिना किसी नखरे वाला और मेहनती कलाकार है। जब भी उसे मेरी जरूरत होगी, मैं हमेशा उसके साथ खड़ा रहूंगा।”

अरशद ने कहा कि वीर की सफलता की वह दिल से कामना करते हैं। अरशद ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि उसका पहला बड़ा प्रोजेक्ट मेरे साथ है। वीर मेरे लिए बेटे जैसा है। बचपन में वह मेरे साथ फोटो खिंचवाने आया था और आज हम साथ काम कर रहे हैं। यह मेरे लिए बेहद खूबसूरत एहसास है।”

अरशद ने वीर की परवरिश और स्वभाव की भी सराहना करते हुए कहा कि वह सभी की बात सुनने वाला और कड़ी मेहनत करने वाला कलाकार है। उन्होंने कहा कि पहली ही परियोजना में वीर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में वह लगातार बेहतर अभिनेता बनकर उभरेंगे।

उल्लेखनीय है कि ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं। इस सीरीज में अरशद वारसी और विक्रांत मैसी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि राजकुमार हिरानी इसके क्रिएटर और निर्माता हैं। सीरीज का प्रीमियर तीन जुलाई को जियोहॉटस्टार पर होगा।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button