कौशाम्बी में घर के बाहर सो रहे शख्स की गला रेतकर हत्या

कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा गांव में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 40 वर्षीय शख्स की लाश मिली है। मृतक के पास दूसरी चारपाई पर उसके पत्नी और बच्चे सो रहे थे। बावजूद इसके हत्यारों को किसी ने नहीं देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। मौके पहुंची फारेंसिंक टीम ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

बिसरा गांव का रहने वाला देवराज पेशे से दिहाड़ी मजदूर है। मेहनत मजदूरी कर वह पत्नी उषा व तीन बच्चों का पेट पाल रहा था। बुधवार की रात वह रोज की तरह खाना खाकर घर के बाहर चारपाई डालकर सो गया। बगल में पत्नी और बच्चे अलग चारपाई पर सो रहे थे। सुबह देवराज की खून से लतपथ शव मिला। किसी ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देवराज के शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

उषा ने बताया, वह रात में पति के बगल की चारपाई पर जरूर सो रही थी, लेकिन भोर में उठकर वह शौच व पशुओं को चारा देकर लौटी तो चारपाई पर खून देख वह चीख पड़ी। किसी व्यक्ति ने गला रेतकर उसके पति की हत्या कर दी है। वह नहीं जानती की किस व्यक्ति से उसके पति को इतना खतरा हो गया कि उसने हत्या कर दी।

एएसपी समर बहादुर ने बताया, सूचना पर घटना स्थल पर मुआयना किया गया है। फारेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक सबूत एकत्रित किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है, जल्द खुलासा किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button