‘रामायण पार्ट 1’ के ट्रेलर रिलीज डेट का हुआ ऐलान, 24 जुलाई को दुनियाभर में दिखेगी रणबीर कपूर की फिल्म की पहली झलक
‘रामायण पार्ट 1’ के ट्रेलर रिलीज डेट का हुआ ऐलान, 24 जुलाई को दुनियाभर में दिखेगी रणबीर कपूर की फिल्म की पहली झलक
मुंबई,। निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी माइथोलॉजी फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ के ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज डेट घोषित कर दी गई है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक भव्य पोस्टर जारी करते हुए जानकारी दी है कि इस फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर में एक साथ रिलीज किया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार इस शुभ तिथि का चुनाव किया गया है। पोस्टर में भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के राजसी स्वरूप की झलक दिखाई गई है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर पहुँचा दिया है।
भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा एपिक ड्रामा
मेकर्स ने फिल्म को लेकर साझा किए गए नोट में इसे भारतीय सिनेमा का अब तक का सबसे बड़ा और अनूठा प्रोजेक्ट बताया है। रामायण की पौराणिक गाथा को आधुनिक तकनीक के साथ पर्दे पर उतारने वाली इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और लारा दत्ता जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले तैयार किया जा रहा है, जो इसे दृश्य और अनुभव के मामले में वैश्विक स्तर का आईमैक्स अनुभव प्रदान करेगी।
दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में धमाका
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो भागों में रिलीज की जाएगी। इसका पहला भाग दर्शकों के लिए दिवाली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म अपनी विशाल स्टार कास्ट, अभूतपूर्व वीएफएक्स और रामायण की कालजई कहानी के कारण साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनी हुई है। प्रशंसक अब 24 जुलाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब इस भव्य सिनेमाई सफर की पहली झलक पूरी दुनिया के सामने आएगी।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट