गाजा के कम्युनिटी किचन पर इजराइली सेना का हमला
गाजा के कम्युनिटी किचन पर इजराइली सेना का हमला
गाजा, के दीर अल-बलाह क्षेत्र में एक कम्युनिटी किचन पर हुए हमले की खबर सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार यह रसोई तुर्किये से जुड़ी एक मानवीय संस्था संचालित कर रही थी, जहां विस्थापित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, घटना में संस्था से जुड़े तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है। हालांकि घटना से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
दीर अल-बलाह क्षेत्र इन दिनों बड़ी संख्या में विस्थापित लोगों का आश्रय स्थल बना हुआ है। यहां वे लोग रह रहे हैं जो खान यूनिस, राफा और गाजा के पूर्वी क्षेत्रों से संघर्ष के कारण अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। लगातार बढ़ते मानवीय संकट के बीच ऐसे राहत केंद्र प्रभावित लोगों के लिए भोजन और आवश्यक सहायता का महत्वपूर्ण स्रोत बने हुए हैं।
इसके अलावा शनिवार को अल-शिफा अस्पताल के पास एक वाहन पर हुए हमले में दो फिलिस्तीनियों की मौत होने की भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, ये लोग एक राहत संस्था से जुड़े थे और मानवीय सहायता कार्यों में शामिल थे।
गाजा में जारी संघर्ष के बीच मानवीय सहायता से जुड़ी सुविधाओं और राहत कार्यों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार चिंता व्यक्त की जाती रही है। सहायता संगठनों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच बनाए रखना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
क्षेत्र में जारी सैन्य गतिविधियों और बढ़ते मानवीय संकट के कारण हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट