मिर्जापुर सड़क हादसे में अब तक 11 की मौत, जिंदा जलने वाले 8 एक ही गांव के

मिर्जापुर सड़क हादसे में अब तक 11 की मौत, जिंदा जलने वाले 8 एक ही गांव के

मिर्जापुर, 23 अप्रैल यूपी के मिर्जापुर में ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात लगभग साढ़े आठ बजे चार वाहनों की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो में लगी आग में चालक समेत नौ लोग जिंदा जल गए। जबकि एक अन्य कार के चालक और ट्रक के खलासी की भी दबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बोलेरो से नौ और क्षतिग्रस्त ट्रक और कार में फंसे दो शवों को बाहर निकाला। जिंदा जले नौ लोगों समेत दस की पहचान हो गई है। एसपी ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

चना लेकर मिर्जापुर आ रहा था ट्रक

मध्य प्रदेश से चना लदाकर एक ट्रक मिर्जापुर आ रहा था। ड्रमंडगंज के बड़का घुमान मोड़ के पास ट्रक जैसे ही पहुंचा, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। ट्रक ने अनियंत्रित होकर आगे चल रही अल्टो कार, बोलेरो और एक अन्य ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बोलेरो में आग लग गई, जबकि अल्टो कार दोनों ट्रकों के बीच दब गई।

सूचना पर ड्रमंडगंज पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने बोलेरो में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद बोलेरो से नौ शवों को बाहर निकाला गया। वहीं कार और ट्रक में फंसे दोनों शवों को भी निकाला गया। कार चालक की पहचान सोनभद्र के राबर्ट्सगंज के परसिया दुबे गांव निवासी 26 वर्षीय जयप्रकाश पुत्र मुन्नर प्रसाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद मार्ग अवरुद्ध हो गया और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इससे अफरातफरी मच गई।

जिंदा जलने वाले आठ एक ही गांव के निवासी

बोलेरो में चालक समेत सभी नौ लोग जिंदा जल गए। जिंदा जले सभी लोग जिगना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे। इनकी पहचान 40 वर्षीय बीना सिंह पत्नी प्रदीप सिंह, 38 वर्षीयवंदना पत्नी अरुण सिंह, 30 वर्षीय पंकज पुत्र रामचंद्र सिंह, 18 वर्षीय पीयूष पुत्र प्रदीप सिंह, आठ वर्षीय सोनम पुत्री प्रदीप, 42 वर्षीया प्रियंका पत्नी कमलेश सिंह सात वर्षीय शिवा पुत्र अरुण सिंह, 18 वर्षीय कार्तिकेय पुत्र कमलेश सिंह के अलावा रामपुर हंसवार गांव निवासी बोलेरो चालक 40 वर्षीय विष्णु सिंह पुत्र चिक्कर सिंह के रूप में हुई है।

एक कार दो ट्रकों के बीच फंसी

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने से हुआ है। ड्रमंडगंज घाटी से उतरते समय ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हो गया था। अनियंत्रित ट्रक ने एक कार, बोलेरो और फिर ट्रक में टक्कर मार दी। कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई थी, जबकि बोलेरो में आग लग गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।

बुझाने का प्रयास किया पर लपटों ने रोक दिया
बोलेरो में आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीण विमलेश ने बताया कि आग लगने की घटना होने पर वह मौके पर पहुंचे । बोलेरो में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया पर आपकी लपट इतनी तेज थी कि बचाना मुश्किल था। फायर बिग्रेड को सूचना दिया गया पर समय से नहीं पहुंचा। प्रशासन भी लेट पहुंचा।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button