केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की सीधी धमकी, व्हाट्सएप पर भेजा गया आधिकारिक दौरा कार्यक्रम, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की सीधी धमकी, व्हाट्सएप पर भेजा गया आधिकारिक दौरा कार्यक्रम, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच
नई दिल्ली, 20 मार्च मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिली है। यह धमकी उनके निजी सहायक (PA) विश्वेंद्र शाह के मोबाइल पर फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई। आरोपी ने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी ‘इस्माइल’ के रूप में बताई है। चौंकाने वाली बात यह है कि धमकी देने वाले व्यक्ति के पास मंत्री के आगामी दौरों का वह गोपनीय आधिकारिक शेड्यूल भी था, जो केवल जिला स्तर के उच्चाधिकारियों के पास होता है। इस सुरक्षा चूक और सीधी धमकी के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
मंत्री के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने बताया कि जब जयंत चौधरी संसद के लिए निकले थे, तब एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आए। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सीधे गोली मारने की धमकी दी गई। व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेशों में मंत्री के आगरा कार्यक्रम का पूरा ब्यौरा मौजूद था, जिसे देखकर सुरक्षा एजेंसियां दंग हैं। इस मामले की औपचारिक शिकायत दिल्ली के तुगलक रोड थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस अब उस तकनीकी स्रोत का पता लगा रही है जिससे मंत्री का गोपनीय दौरा कार्यक्रम लीक हुआ, ताकि इसके पीछे की किसी बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जयंत चौधरी कुछ दिनों पहले एक कार्यक्रम के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के दौरे पर थे, जिसके बाद से ही यह धमकी भरे कॉल शुरू हुए हैं। दिल्ली पुलिस अब पश्चिम बंगाल पुलिस के संपर्क में है ताकि ‘इस्माइल’ नामक संदिग्ध की लोकेशन ट्रेस कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी तंत्र से गोपनीय सूचना का बाहर आना एक गंभीर मामला है, इसलिए मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल, पुलिस फोन कॉल के आईपी एड्रेस और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए आरोपी तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट