अभिनेत्री सान्या ठाकुर बनीं राधा रानी, कान्स 2026 रेड कार्पेट पर दिखाया सनातन संस्कृति का दिव्य स्वरूप

अभिनेत्री सान्या ठाकुर बनीं राधा रानी, कान्स 2026 रेड कार्पेट पर दिखाया सनातन संस्कृति का दिव्य स्वरूप

कान्स, 24 मई । कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के ग्लैमरस माहौल के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या ठाकुर ने अपने बेहद खास और आध्यात्मिक अंदाज़ से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सुपर 30 और स्पाई जैसी फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुकी सान्या ठाकुर ने इस बार प्रतिष्ठित इंटरनेशनल रेड कार्पेट पर राधा रानी का दिव्य स्वरूप धारण कर सनातन संस्कृति का वैश्विक प्रतिनिधित्व किया।जहां कान्स रेड कार्पेट आमतौर पर हाई-फैशन और लग्ज़री कॉउचर के लिए जाना जाता है, वहीं सान्या ठाकुर ने भारतीय परंपरा, संस्कृति और भक्ति को अपनाकर खुद को सबसे अलग साबित किया। उन्होंने बेहद खूबसूरत हैवी एम्ब्रॉयडरी वाला पारंपरिक लहंगा पहना था, जिसमें मिरर वर्क, फ्लोरल डिटेलिंग और भारतीय हस्तशिल्प की झलक देखने को मिली। उनका पूरा लुक भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शा रहा था।
सान्या के लुक की सबसे खास बात थी उनका राधा रानी प्रेरित स्टाइलिंग अवतार। अभिनेत्री ने अपनी लंबी चोटी को ताज़े फूलों और चमकती सजावटी लाइट्स से सजाया था, जो पवित्रता, शांति और दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतीक माना जाता है। माथा पट्टी, चूड़ियां, नथ और पारंपरिक आभूषणों ने उनके लुक को और भी अलौकिक बना दिया। हाथ में बांसुरी लिए सान्या ठाकुर ने राधा रानी की दिव्यता को जीवंत कर दिया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सनातन धर्म की आध्यात्मिक सुंदरता को प्रदर्शित किया।
अपने इस खास लुक को लेकर सान्या ठाकुर ने कहा कि उनके लिए कान्स में यह प्रस्तुति केवल फैशन नहीं बल्कि शांति, प्रेम, सकारात्मकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश थी। सान्या के अनुसार भारतीय आध्यात्मिकता और सनातन संस्कृति दुनिया को जोड़ने की शक्ति रखती है और कान्स
जैसा मंच इस संदेश को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का सबसे सुंदर माध्यम है।
उनकी यह अनोखी प्रस्तुति सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। फैन्स और फैशन पेज अभिनेत्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें भारतीय संस्कृति को इतनी खूबसूरती और गरिमा के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के लिए सराह रहे हैं।
अपने सफर में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए सान्या ठाकुर ने फिल्म फेस्टिवल के दौरान भारत पवेलियन में अपने आगामी प्रोजेक्ट “सेव द गॉड ” का पोस्टर भी लॉन्च किया। इस तरह कान्स 2026 में उनकी मौजूदगी सांस्कृतिक और सिनेमाई दोनों दृष्टिकोण से बेहद खास और प्रभावशाली रही।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button