हर परिवार को तुलसी जैसी शख्सियत की जरूरत : स्मृति ईरानी
हर परिवार को तुलसी जैसी शख्सियत की जरूरत : स्मृति ईरानी
मुंबई, लोकप्रिय अभिनेत्री स्मृति ईरानी का मानना है कि बदलते समय और बदलते पारिवारिक रिश्तों के बीच आज भी हर परिवार को तुलसी जैसी शख्सियत की जरूरत है, जो रिश्तों को जोड़ने, परिवार को एकजुट रखने और हर संबंध को दूसरा मौका देने में विश्वास रखती हो।स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक क्योंकि सास भी कभी बहू थी में 10 वर्ष के लीप के साथ कहानी नए दौर में प्रवेश कर रही है।
इस अवसर पर स्मृति ईरानी ने कहा कि वर्षों बाद भी लोग तुलसी के किरदार में अपनी मां, दादी या नानी की झलक देखते हैं। हर परिवार को ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता होती है, जो लोगों को समझे, उनकी बात सुने और बिना किसी पूर्वाग्रह के उन्हें अपनाए।उन्होंने कहा कि नए अध्याय में तुलसी अपने परिवार में लौटती है, जहां रिश्ते पहले से अधिक उलझ चुके हैं और अपनों के बीच दूरियां बढ़ गई हैं। इसके बावजूद तुलसी का विश्वास कायम है कि हर रिश्ते को एक और अवसर मिलना चाहिए और हर परिवार फिर से एक हो सकता है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि नई पीढ़ी अपने साथ नई चुनौतियां लेकर आती है और उनका सामना समझदारी, साहस तथा एक-दूसरे को समझने की इच्छा से ही किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को तुलसी की नई यात्रा में अपने परिवार और जीवन की झलक देखने को मिलेगी। यह धारावाहिक प्रतिदिन रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होगा तथा जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध रहेगा।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट