सर्वोच्च न्यायालय में 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत, लंबित मामलों के आपसी समझौते से निपटारे का अवसर
सर्वोच्च न्यायालय में 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत, लंबित मामलों के आपसी समझौते से निपटारे का अवसर
रायपुर, । सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों के आपसी सहमति और सुलह के आधार पर निपटारे के लिए 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत किया जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, न्याय को सरल एवं सुलभ बनाने तथा वैकल्पिक विवाद निपटान प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के अंतर्गत विशेष लोक अदालत सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होगी। इसके पूर्व राज्य, जिला, तालुका तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं मध्यस्थता केंद्रों में सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से अथवा ऑनलाइन माध्यम से शामिल होकर विवाद के समाधान का प्रयास कर सकेंगे।
अभियान का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति से त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा करना है। सुलह प्रक्रिया में प्रशिक्षित मध्यस्थों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के सचिवों का सहयोग उपलब्ध रहेगा।
अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)-2026 में शामिल कराने के लिए गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे भरकर आवेदन किया जा सकता है। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट