खिलाडिय़ों की पालन पोषण की पूरी जिम्मेदारी ले सरकार: जयहिंद..
खिलाडिय़ों की पालन पोषण की पूरी जिम्मेदारी ले सरकार: जयहिंद..
-आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने गोल्ड मेडलिस्ट सूरज शर्मा को देसी घी देकर किया सम्मानित

रोहतक,। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि खिलाडियों की प्रतिभा को पहचानते हुए यह सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि सभी जूनियर खिलाडी व अन्य खिलाडिय़ों के लालन-पालन, खाने-पीने व जरूरत की सभी सुविधाओं का ध्यान रखे, ताकि आगे चलकर यही जूनियर खिलाड़ी देश का नाम रोशन करें व देश और प्रदेश के लिए मेडल लेकर आएं। साथ ही उन्होंने खिलाडिय़ों के जीत का मेडल खिलाडिय़ों को महीनों की जगह दस दिनों के अंदर देंने और गोल्ड मेडलिस्ट विजेताओं को दस लाख रुपए ईनाम राशि देने की भी अपील की। यह बात उन्होंने इटली में हुई अंडर-17 विश्व कैडेट चैंपियनशिप में देश के लिए 32 साल बाद गोल्ड मैडल जीत कर इतिहास रचने वाले हरियाणा के रोहतक जिला के गांव रिठाल निवासी पहलवान सूरज शर्मा को सम्मानित करते हुए कही।
आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने पदक विजेता खिलाड़ी को 15 किलो देसी घी देकर सम्मानित भी किया। जयहिन्द ने कहा कि सूरज की जीत की खुशी में 31 जुलाई को रोहतक के सेक्टर-2 स्थित परशुराम आश्रम में एक कार्यक्रम रखा गया है जिसमे सभी समाज के लोगो द्वारा सूरज का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए बहुत खुशी की का पल है जिस तरह से 16 साल की उम्र में सूरज शर्मा देश के लिए गोल्ड मैडल जीत कर लाया है यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सूरज एक सामान्य परिवार से सम्बंध रखता है और सूरज के पिता एक किसान है जिनके हिस्से में एक एकड़ जमीन आती है। इससे पहले भी सूरज खेलो इंडिया व सब जूनियर जैसी खेल प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीत चुका है।
उन्होंने कहा कि जो भी गरीब घर के बच्चे है और उनमें इस तरह की प्रतिभा है कि वे देश व प्रदेश के लिए मेडल जीत कर ला सकते है उनके लिए हर समाज का फर्ज बनता है कि तन-मन-धन से खिलाडिय़ों का साथ दें। इस अवसर पर सूबेदार मुनिपाल अत्री, बिजेंद्र अत्री, कैप्टन जोगिन्दर फौगाट, मुकेश राणा, मोहित ओहल्याण, आशीष भारद्वाज प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
दीदार ए हिन्द की रिपोर्ट