भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों के हक में: वैष्णव
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों के हक में: वैष्णव

नई दिल्ली, 03 फरवरी। रेल, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को दोनों देशों के हक में बताते हुए कहा है कि दोनों देश प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में गहन सहयोग करने की स्थिति में हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार को हुई टेलीफोन वार्ता के बाद घोषित इस समझौते पर श्री वैष्णव ने मंगलवार को कहा, “भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी है। इस समझौते से दोनों देशों के नागरिकों और उद्योगों को व्यापक लाभ होगा।” उन्होंने कहा,” अमेरिका और भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। दोनों देश स्वाभाविक सहयोगी हैं। भारत और अमेरिका के पास शांति और विकास के लिए मिलकर काम करने की अपार क्षमता है।”
अमेरिका और भारत की शक्ति को एक दूसरे की पूरक बताते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि दोनों देश मिलकर ऐसी प्रौद्योगिकियां विकसित कर सकते हैं और ऐसे समाधान तैयार कर सकते हैं जिनसे विश्व को लाभ होगा। उन्होंने कहा,” अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों के उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगा।” श्री वैष्णव के पास सूचना प्रसारण मंत्रालय का भी प्रभार है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता ऐतिहासिक है इससे दोनों लोकतांत्रिक देश के बीच साझा समृद्धि नवाचार और वृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

