यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस की रिफाइनरी में लगी आग, पुतिन का चुनौतियों से निपटने का दावा

यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस की रिफाइनरी में लगी आग, पुतिन का चुनौतियों से निपटने का दावा

मॉस्को/कीव, । यूक्रेन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए रूस पर ड्रोन हमला किया है। यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूस की तेल रिफाइनरी में आग लग गई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले के कुछ घंटे बाद रविवार को सुरक्षा पक्की करने और चुनौतियों से निपटने का वादा किया।

द मॉस्को टाइम्स और तास की रिपोर्ट के अनुसार, कीव इन हमलों को फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद से यूक्रेनी नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूस के लगभग रोजाना होने वाले हमलों का उचित बदला मानता है।

पुतिन ने ‘यूनाइटेड रशिया’ पार्टी के सम्मेलन में कहा, हां, हम समस्याओं को देख रहे हैं। हमें उनके बारे में पता है और हम उनका जवाब दे रहे हैं। हम निश्चित रूप से देश और अपने नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ रूस की सीमाओं की अखंडता भी सुनिश्चित करेंगे।

पुतिन का यह भाषण यूक्रेन के एक ड्रोन हमले के कुछ घंटों बाद आया। इस हमले में रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक रिफाइनरी में आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने यह जानकारी दी। कीव ने इस हमले की जिम्मेदारी ली और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे उन ऑपरेशन्स का हिस्सा बताया जो रूस की युद्ध लड़ने की क्षमता को कम करते हैं।

जेलेंस्की ने रविवार को एक्स पर कहा, क्रास्नोडार क्षेत्र में स्लाव्यांस्क तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ। यह स्थान फ्रंटलाइन से लगभग 300 किलोमीटर दूर है। हमने यारोस्लाव क्षेत्र में भी एक रिफाइनरी को निशाना बनाया, जो हमारी सीमा से लगभग 700 किलोमीटर दूर है। पिछले सप्ताह यूक्रेन के हमले के कारण मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में एक रिफाइनरी में भीषण आग लग गई थी। इससे राजधानी का बाहरी इलाका धुएं से भर गया था।

रूस के कब्जेवाले क्रीमिया ने शुक्रवार को प्रायद्वीप पर बढ़ते यूक्रेनी हवाई हमलों के असर को कम करने के लिए आपातकालीन स्थिति घोषित की है।

यह क्षेत्र ईंधन की कमी और बिजली कटौती से जूझ रहा है। यह स्थिति यूक्रेनी हमलों के कारण उत्पन्न हुई है। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा कर उसे अपने साथ मिला लिया था।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button