धर्मेंद्र जैसा हैंडसम इंसान कभी नहीं देखा: हेमा मालिनी
धर्मेंद्र जैसा हैंडसम इंसान कभी नहीं देखा: हेमा मालिनी
मुंबई, )। हाल ही में अभिनेत्री हेमा मालिनी ने एक पुराने साक्षात्कार में धर्मेंद्र से अपनी पहली मुलाकात और उनके प्रति पहली प्रतिक्रिया का जिक्र किया, जिसने एक बार फिर उनकी प्रेम कहानी को सुर्खियों में ला दिया। एक लोकप्रिय कार्यक्रम में हेमा मालिनी से पूछा कि वह पहली बार धर्मेंद्र से कहां मिली थीं और उन्हें देखकर उनके मन में पहला विचार क्या आया था।
इसके जवाब में हेमा मालिनी ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार धर्मेंद्र को देखा तो उन्हें लगा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतना आकर्षक और हैंडसम व्यक्ति पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने बताया कि पहली मुलाकात एक फिल्म के प्रीमियर के दौरान हुई थी और उसी समय धर्मेंद्र के व्यक्तित्व ने उन्हें प्रभावित कर दिया था। हेमा मालिनी ने कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि धर्मेंद्र ने भी उनके बारे में कुछ इसी तरह की सकारात्मक बातें कही थीं। इसके बाद दोनों को कई फिल्मों में साथ काम करने का अवसर मिला और धीरे-धीरे एक-दूसरे को करीब से जानने का मौका भी मिला। उन्होंने बताया कि लगातार साथ काम करने से दोनों के बीच अच्छी समझ और गहरा जुड़ाव विकसित हुआ।
जब उनसे पूछा कि धर्मेंद्र की कौन-सी बात उन्हें सबसे अधिक पसंद आई, तो हेमा मालिनी ने कहा कि वह बेहद स्नेही, विनम्र और दूसरों का सम्मान करने वाले इंसान हैं। उनके अनुसार, धर्मेंद्र का व्यवहार हमेशा प्यार और अपनापन से भरा रहता था। उन्होंने कहा कि वह उस समय कई बड़े अभिनेताओं के साथ काम कर रही थीं, लेकिन धर्मेंद्र के साथ काम करने का अनुभव सबसे अलग और सहज महसूस होता था। बातचीत के दौरान हेमा मालिनी ने यह भी स्वीकार किया कि धर्मेंद्र अक्सर अपने प्यार का इजहार किया करते थे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह उनकी बातों को हल्के-फुल्के अंदाज में टाल देती थीं, क्योंकि उन्हें इस रिश्ते के संभावित परिणामों का अंदाजा था। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि किसी भी लड़की के लिए धर्मेंद्र जैसे आकर्षक और संवेदनशील व्यक्ति के व्यक्तित्व को नजरअंदाज करना आसान नहीं था। हेमा मालिनी ने बताया कि दोनों लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त रहते थे। कई बार एक ही दिन में दो या तीन शिफ्ट में साथ काम करना पड़ता था।
मुंबई की शूटिंग के अलावा आउटडोर लोकेशनों पर भी लंबा समय साथ बिताने का अवसर मिलता था। ऐसे में एक-दूसरे को समझने और करीब आने का मौका स्वाभाविक रूप से मिला। यही पेशेवर साथ धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गया। आज भी हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित और यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है। मालूम हो कि हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित और लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की प्रेम कहानी आज भी प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है। दोनों ने सीता और गीता, शोले, ड्रीम गर्ल, आजाद, दिल्लगी और द बर्निंग ट्रेन जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया और अपनी शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीत लिया।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट