अपकमिंग गैलेक्सी स्मार्टफोन आएगा खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर के साथ
अपकमिंग गैलेक्सी स्मार्टफोन आएगा खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर के साथ

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का आगामी गैलेक्सी स्मार्टफोन एक खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर के साथ आएगा। यह घोषणा की है स्वयं सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी ने। इस फीचर से यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिखने वाली संवेदनशील जानकारी को दूसरों की नजर से बचा सकेंगे। इस फीचर की खास बात यह है कि इसके लिए फोन पर किसी तरह की प्राइवेसी फिल्म या अतिरिक्त परत लगाने की जरूरत नहीं होगी। दक्षिण कोरियाई टेक कंपनी के मुताबिक, यह तकनीक डिस्प्ले की दृश्यता को यूजर के अनुसार एडजस्ट करने की सुविधा देगी, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर कंधे के ऊपर से झांककर देखने यानी शोल्डर सर्फिंग जैसी समस्या से राहत मिलेगी। कंपनी ने बताया कि यह नया प्राइवेसी फीचर जल्द ही गैलेक्सी स्मार्टफोन्स में शामिल किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैमसंग फरवरी में गैलेक्सी एस26 सीरीज के लिए एक खास लॉन्च इवेंट आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि यह एडवांस्ड प्राइवेसी फीचर सबसे पहले गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा मॉडल में देखने को मिल सकता है। सैमसंग के अनुसार, इस फीचर में डिस्प्ले की विजिबिलिटी को कंट्रोल करने के कई विकल्प होंगे, जिससे यूजर यह तय कर सकेगा कि आसपास मौजूद लोग स्क्रीन पर कितना देख पाएं। खास बात यह है कि यूजर इस सेटिंग को अलग-अलग ऐप्स के हिसाब से भी कस्टमाइज कर सकेगा, ताकि बैंकिंग, चैटिंग या ऑफिस से जुड़े ऐप्स को ज्यादा सुरक्षित रखा जा सके।
कंपनी ने बताया कि इस तकनीक को विकसित करने में पांच साल से ज्यादा का समय लगा है। इस दौरान गहन इंजीनियरिंग, टेस्टिंग और लगातार सुधार किए गए। सैमसंग ने यह भी कहा कि फीचर को डिजाइन करते समय यह समझने की कोशिश की गई कि लोग रोजमर्रा की जिंदगी में स्मार्टफोन कैसे इस्तेमाल करते हैं और किस तरह की जानकारी को सबसे ज्यादा निजी मानते हैं। इसी बीच, सैमसंग ने गैलेक्सी जेड फ्लिप 7 ओलंपिक एडिशन भी पेश किया है, जिसे मिलान-कोर्टिना विंटर ओलंपिक और पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाले करीब 3,800 खिलाड़ियों को दिया जाएगा।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

