गांधी की हत्या जिस विचार के लोगों ने किया था आज वही देश को तबाह करने में लगे है : अखिलेश

गांधी की हत्या जिस विचार के लोगों ने किया था आज वही देश को तबाह करने में लगे है : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ के लोहिया सभागार में तथा हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में बापू के चित्रों पर पुष्पांजलि दी और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी को गांधी जयंती की बधाई दी।

लोहिया सभागार में उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने मानवता को सत्य अहिंसा का संदेश दिया था जिसे पूरी दुनिया के लोग मानते है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के विचार जय जवान-जय किसान की आज देश को बड़ी आवश्यकता है। गांधी जी और शास्त्री जी के दर्शन से ही समाज और देश में बदलाव होगा। भाजपा राज में जय जवान-जय किसान दोनों संकट में हैं।

यादव ने कहा अंग्रेजों की दासता से मुक्ति के लिये बापू के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन में अनेकों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी जिससे देश स्वतंत्र हुआ। गांधीवादी विचार से ही देश की प्रगति सम्भव है। लेकिन गांधी की हत्या जिस विचार के लोगों ने किया था आज वही देश को तबाह करने में लगे है।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने गांधी आश्रम हजरतगंज में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया। श्री राजेन्द्र चैधरी ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। खादी आश्रम में प्रबन्धक और कर्मचारियों ने श्री अखिलेश यादव का स्वागत किया। उन्होंने खादी, चर्खा एवं गांधी साहित्य भी भेंट किया। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी ही खादी को प्रोत्साहन देते है। 2022 में समाजवादी सरकार बनने पर खादी को बढ़ाने में विशेष मदद दी जाएगी।

    श्री यादव ने कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन अन्याय के विरूद्ध था। जहां पूरी दुनिया गांधी दर्शन की ओर देख रही है वहीं भारत में गांधी जी के विचारों का पालन नहीं किया जा रहा है। भाजपा गांधी जी के विचारों को मार रही है। समाजवादियों को इसे बचाना है।

यादव ने कहा सत्य अहिंसा के संदेश पर अमल होना चाहिए। राष्ट्रपिता के विचारों को पूरी दुनिया मानती है। जबकि भाजपा सरकार उसका दमन करना चाहती है। भाजपा किसानों को आतंकवादी बताती है। हत्या, अपराध, लूट और अराजकता ही इस समय यूपी का सच है। भाजपा के कारण समाज और लोकतंत्र को खतरा है। सपा सत्य के मार्ग पर चलकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी की यात्राएं लगातार चल रही हैं। असली यात्रा अब सरकार बनाने की शुरू हो रही है। हर वर्ग का सम्मान सपा में है। उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। यादव ने आह्वान किया कि चुनाव में 400 सीटों पर जीत लिये सपा कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से लग जाएं। पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच जाकर काम करें। बीजेपी के पास अन्तर्राष्ट्रीय कोच और ट्रेनर है जिनका एक ही काम झूठ सिखाने का है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद सर्वश्री अहमद हसन, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, मूलचंद चौहान, उदयवीर सिंह, कमाल अख्तर, आशु मलिक, शशांक यादव, लीलावती कुशवाहा, काशीनाथ यादव, राम आसरे विश्वकर्मा, योगेश प्रताप, सिद्धार्थ सिंह, मो0 एबाद, राघवेन्द्र यादव, युगल किशोर बाल्मीकि, सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button