वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

नई दिल्ली, 01 जनवरी। शनिवार सुबह जम्मू कश्मीर के वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने इस भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को पीएमएनआरएफ की तरफ से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का भी ऐलान किया।

उन्होंने माता वैष्णो देवी भवन पर मची भगदड़ और इसमें घायल हुए एवं मारे गए लोगों के बारे में पूरी जानकारी जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से ली। प्रधानमंत्री ने इस घटना के बारे में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से लोक सभा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से बात करके भी हालात का जायजा लिया।

घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में हुई जनहानि से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

प्रधानमंत्री ने आगे अपने ट्वीट में बताया, जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नित्यानंद राय से बात कर हालात का जायजा लिया।

लिंक पर क्लिक कर पढ़िए ”दीदार ए हिन्द” की रिपोर्ट

राज्यपाल की नव वर्ष पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं

इसके बाद ट्वीट करते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भगदड़ से हुई इस दुखद स्थिति का जायजा लेते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और साथ ही घायलों को हर संभव चिकित्सा और अन्य सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया है।

जितेंद्र सिंह ने अपने अगले ट्वीट में यह जानकारी भी दी कि हालात का जायजा लेने के लिए वो कटरा रवाना हो रहे हैं। वहां जाकर प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी लेकर प्रधानमंत्री मोदी को रिपोर्ट करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वैष्णो देवी में मची भगदड़ को दिल दहला देने वाला बताते हुए ट्वीट किया, माता वैष्णो भवन में मची भगदड़ की घटना दिल दहला देने वाली है। इसमें हुई जनहानि से आहत हूं। इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इसे हृदय विदारक बताते हुए ट्वीट किया, माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुर्घटना में कई लोगों की असामयिक मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। स्थानीय प्रशासन एवं भाजपा कार्यकर्ता राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। शांति।

लिंक पर क्लिक कर पढ़िए ”दीदार ए हिन्द” की रिपोर्ट

वैष्णोदेवी मंदिर परिसर में भगदड़ की घटना पर शिवराज ने दुख व्यक्त किया

Related Articles

Back to top button