मुंबई में दिल दहला देने वाली वारदात; पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में दिल दहला देने वाली वारदात; पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 15 जुलाई । महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित ओशिवारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक सिग्नल के पास एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में पहले एक बड़ा पत्थर उठाकर पत्नी पर हमला किया। इसके बाद उसने चाकू से महिला के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही ओशिवारा पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल कूपर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट