श्रीलंका टीम का बड़ा बदलाव: वेस्टइंडीज दौरे के लिए कुसल मेंडिस को मिली कप्तानी
श्रीलंका टीम का बड़ा बदलाव: वेस्टइंडीज दौरे के लिए कुसल मेंडिस को मिली कप्तानी
-तीनों प्रारूपों के लिए नई टीम का हुआ ऐलान
कोलंबो, 26 मई । श्रीलंका क्रिकेट ने आगामी वेस्टइंडीज दौरे के लिए अपनी तीनों टीमों की घोषणा कर दी है, जिसमें बड़े नेतृत्व परिवर्तन किए गए हैं। कुसल मेंडिस को वनडे और टी20 प्रारूपों का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि कामिंदु मेंडिस को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टेस्ट टीम की कमान पूर्ववत धनंजय डी सिल्वा के पास ही रहेगी। इस बदलाव के साथ ही चरित असलंका और दासुन शनाका को कप्तानी के दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।
दौरे के लिए घोषित टीम में स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा की वापसी हुई है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से बाहर रहने के बाद अब वे पूरी तरह फिट होकर सीमित ओवरों की टीमों में शामिल हो गए हैं, जिससे टीम की गेंदबाजी इकाई को मजबूती मिलेगी। चयनकर्ताओं ने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए इस नई नेतृत्व संरचना और संतुलित टीम पर भरोसा जताया है, ताकि वेस्टइंडीज की परिस्थितियों में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके।
दोनों देशों के बीच सीरीज की शुरुआत 3 जून से वनडे मैचों के साथ होगी। वनडे के बाद 11 जून से तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। दौरे का समापन दो मैचों की टेस्ट सीरीज से होगा, जिसका पहला टेस्ट 25 जून से शुरू होगा। श्रीलंका की टीम इस दौरे पर नए कप्तान और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। क्रिकेट प्रशंसकों को इस अहम सीरीज में नई रणनीतियों के साथ खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन की उम्मीद है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट