अमेरिका, ईरान को फिर वार्ता मेज पर लाने के प्रयास जारी : शहबाज शरीफ
अमेरिका, ईरान को फिर वार्ता मेज पर लाने के प्रयास जारी : शहबाज शरीफ
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान को फिर से बातचीत की मेज पर लाकर मौजूदा संघर्ष समाप्त करने के लिए पाकिस्तान के प्रयास जारी हैं, हालांकि फिलहाल स्थिति मंहगे और जटिल गतिरोध में फंसी हुई है।
श्री शरीफ ने कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा कि जारी युद्ध ने पाकिस्तान की आर्थिक प्रगति की रफ्तार को प्रभावित किया है और ऊर्जा कीमतों में तेज वृद्धि ने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
उन्होंने कहा, ” युद्ध के कारण हमारी आर्थिक विकास यात्रा रुक गई है, पेट्रोलियम कीमतें आसमान छू रही हैं, समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन हम इस कठिन समय से सफलतापूर्वक निकलेंगे।”
श्री शरीफ ने बताया कि पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक नेतृत्व संरचना भी सक्रिय रूप से मध्यस्थता में लगी हुई है। उनके अनुसार सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर तथा उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री ने भी अमेरिकी और ईरानी समकक्षों के साथ संपर्क बनाये रखा है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के गहन प्रयासों से युद्धविराम की अवधि बढ़ाई गई, हालांकि जमीनी स्तर पर तनाव बना हुआ है।
पाकिस्तान लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच संचार सेतु की भूमिका निभाने की कोशिश करता रहा है, विशेषकर ऐसे समय में जब प्रत्यक्ष वार्ता बाधित हो और क्षेत्रीय अस्थिरता ऊर्जा, व्यापार तथा सुरक्षा पर व्यापक असर डाल रही हो।
श्री शरीफ की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार मार्ग और क्षेत्रीय कूटनीति पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट