खून से लाल हुई लंदन की सड़कें! यहूदियों पर दिन दहाड़े चाकू से हमला, ईरान समर्थक संगठन ने ली जिम्मेदारी
खून से लाल हुई लंदन की सड़कें! यहूदियों पर दिन दहाड़े चाकू से हमला, ईरान समर्थक संगठन ने ली जिम्मेदारी
लंदन, इंग्लैंड की राजधानी लंदन से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां गोल्डर्स ग्रीन इलाके में बुधवार एक व्यक्ति ने दो यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों पुरुषों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ब्रिटिश पुलिस ने इसे ‘आतंकी हमला’ करार देते हुए हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इस घटना के पीछे ईरान से जुड़े कोई तार हैं।
इस बीच हरकत अशाब अल यामीन अल इस्लामिया (HAYI) नाम के संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। SITE इंटेलिजेंस ग्रुप के अनुसार, इस संगठन के ईरान से संबंध हो सकते हैं। HAYI ने दावा किया है कि यह हमला एक ‘लोन वुल्फ’ हमलावर ने अंजाम दिया और यूरोप में हाल के महीनों में यहूदियों पर हुए अन्य हमलों की जिम्मेदारी भी ली है।
यहूदी नागरिकों पर अचानक चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय हमलावर ने गोल्डर्स ग्रीन रोड पर 34 और 76 वर्ष के दो यहूदी नागरिकों पर अचानक चाकू से हमला किया। जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची, तो उसने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन बल प्रयोग कर उसे काबू में कर लिया गया। हमलावर का पहले से हिंसक व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का इतिहास रहा है।
कीर स्टार्मर ने घटना पर जताया दुख
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यहूदी समुदाय पर हमला पूरे देश पर हमला है। उन्होंने हालात की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाई है।
वहीं, इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यहूदी विरोधी नफरत के लिए दुनिया में कोई जगह नहीं है और इसके खिलाफ वैश्विक स्तर पर कार्रवाई जरूरी है।
आतंकी कनेक्शन की जांच में जुटी MI5
घटना के बाद ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 और आतंकवाद-रोधी इकाइयां अलर्ट पर हैं। जांच की जा रही है कि क्या यह हमला हाल में हुई अन्य घटनाओं से जुड़ा है, जिनमें ईरान समर्थित समूहों की भूमिका होने का शक है। इस घटना के बाद लंदन के यहूदी समुदाय में डर और गुस्से का माहौल है।
यूरोप में यहूदियों को बनाया जा रहा निशाना
पिछले कुछ समय में यूरोप, खासकर लंदन में यहूदियों और उनके धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं। MI5 के अनुसार, बीते एक साल में ईरान समर्थित करीब 20 साजिशों को नाकाम किया गया है। अक्टूबर 2023 में गाजा संघर्ष शुरू होने के बाद से ब्रिटेन में यहूदी विरोधी घटनाओं में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, और पिछले साल ऐसी करीब 3700 घटनाएं सामने आईं।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट