बंगाल चुनावों में कोई मौत या बड़े पैमाने पर हिंसा की रिपोर्टें नहीं : सीईओ

बंगाल चुनावों में कोई मौत या बड़े पैमाने पर हिंसा की रिपोर्टें नहीं : सीईओ

कोलकाता,पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही और कोई कोई मौत या बड़े पैमाने पर हिंसा की रिपोर्ट नहीं मिली।

श्री अग्रवाल ने कहा, “यह हमारे लिए एक उपलब्धि है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा के मामले में, चाहे वह मौत हो या बमबारी, कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की है… अगर कोई कमी रह गई होगी, तो उसे भविष्य में दूर कर लिया जाएगा।”उन्होंने वेबकास्टिंग के व्यापक इस्तेमाल पर जोर दिया और कहा कि पहले चरण में एजेंटों को रोके जाने का कोई मामला सामने नहीं आया, जबकि दूसरे चरण में ऐसी कुछ ही घटनाएं रिपोर्ट की गईं, जो पिछले चुनावों से एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान केंद्रों के चारों ओर 100 मीटर का सख्त घेरा बनाया गया था, और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को निर्देश दिया गया था कि वे यह सुनिश्चित करें कि इस क्षेत्र में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करे।

मौजूदा चुनाव की तुलना पिछले चुनावों से करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा, “कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। वर्ष 2021 में चुनाव से पहले के दिनों में 24 लोगों की मौत हुई थी और 60 से ज़्यादा बमबारी की घटनाएं हुईं तथा कई लोग घायल हुए थे। इसके विपरीत इस बार के चुनाव में कोई मौत नहीं हुई, कोई बमबारी नहीं हुई और कोई बड़े पैमाने पर हिंसा नहीं हुई।”

पुनर्मतदान के मुद्दे पर श्री अग्रवाल ने कहा कि “काले टेप वाले स्टिकर” के संबंध में शिकायतें मिली थीं, जिसके कारण कुल 77 बूथों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया गया। इनमें से 32 बूथ फाल्ता में, 13 बबलाहाट में, 29 डायमंड हार्बर में और 3 बज-बज में स्थित हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सत्यापन का काम अभी भी जारी है।

वोटिंग मशीनों से जुड़े आरोपों पर उन्होंने कहा कि ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए थे और इन इलाकों से मशीनों में छेड़छाड़ के दावे भी सामने आए थे। उन्होंने कहा, “प्रथम दृष्टया हमें 23 मामले सही पाए गए हैं। हम बाकी शिकायतों की जांच कर रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि दोनों चरणों में मतदान का प्रतिशत 90 प्रतिशत से ज्यादा रहा। दोनों चरणों में मतदान के रिकॉर्ड प्रतिशत के लिहाज से यह एक ऐतिहासिक चुनाव रहा।

पुलिस पर्यवेक्षक एन.के. मिश्रा ने प्रवर्तन से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि चुनाव के दौरान 397 हथियार और 1,383 बम बरामद किए गए। अधिकारियों ने 67,500 गिरफ्तारियां कीं और 25,000 वारंटों का निष्पादन किया। मतदान के दिन 19 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं, जबकि 687 निवारक गिरफ्तारियां की गईं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, बैरकपुर में 76 और पूर्वी बर्दवान में 74 गिरफ्तारियां हुईं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button