‘लाउडस्पीकर व्यवधान’ के आरोपों के बीच ममता ने भवानीपुर रैली बीच में ही खत्म कर दी

‘लाउडस्पीकर व्यवधान’ के आरोपों के बीच ममता ने भवानीपुर रैली बीच में ही खत्म कर दी

भवानीपुर, 26 अप्रैल। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार को भवानीपुर में एक जनसभा को लाउडस्पीकर की समस्या के चलते बीच में ही खत्म करने को मजबूर हो गयीं।

यह घटना स्वामी नारायण मंदिर के पास चक्रबेरिया रोड पर हुई, जहां इस चुनाव क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार सुश्री बनर्जी अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत एक सभा को संबोधित कर रही थीं। तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक समूह ने कार्यक्रम स्थल के ठीक पास तेज आवाज में माइक्रोफोन का उपयोग करना शुरू कर दिया। इससे मुख्यमंत्री के लिए अपना भाषण जारी रखना मुश्किल हो गया।

इस वजह से सुश्री ममता बनर्जी काफी नाराज नजर आयीं और मंच से उतरने से पहले उन्होंने सभा को संक्षेप में संबोधित किया। उन्होंने समर्थकों से लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का आग्रह करते हुए कहा, “इस तरह से बैठक करना संभव नहीं है। मैं आपसे माफी मांगती हूं। यदि आप इस व्यवहार का विरोध करते हैं तो कृपया मेरे पक्ष में मतदान करें।”

पार्टी सूत्रों ने आरोप लगाया कि सभा के लिए आधिकारिक अनुमति होने के बावजूद व्यवधान लगातार जारी रहा।

सुश्री बनर्जी ने चुनावी नियमों को लागू करने में कथित पक्षपात पर भी सवाल उठाये और कहा कि इस तरह की हरकतें लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती हैं। उन्होंने कानूनी कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा, “चुनाव के कुछ नियम होते हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो जब वे बैठकें करेंगे, तो दूसरे लोग भी जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं। और जब पुलिस हस्तक्षेप करेगी तो आम लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जायेंगे। यह पक्षपात है।”

घटना को ‘अपमानजनक’ बताते हुए उन्होंने घोषणा की कि वह अगले दिन फिर से इस क्षेत्र में रैली के लिए आयेंगी। आयोजन स्थल से जाने से पहले उन्होंने कहा, “मैं इस तरह के अभद्र आचरण में शामिल नहीं हो सकती। मैं कल वापस आऊंगी।”

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button