ईरान ने 28 फरवरी से बंद अपनी अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा फिर से शुरू की
ईरान ने 28 फरवरी से बंद अपनी अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा फिर से शुरू की
तेहरान, 26 अप्रैल। ईरान ने 28 फरवरी से बंद अपनी अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ानों को फिर से शुरू कर दिया है। यह कदम अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के कारण लगभग दो माह तक हवाई क्षेत्र में रही बाधा के बाद उठाया गया है।
ईरानी नागरिक उड्डयन संगठन ने शनिवार को पुष्टि की कि अब मदीना और इस्तांबुल सहित प्रमुख स्थलों के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। यह 28 फरवरी के बाद देश का पहला अंतरराष्ट्रीय परिचालन है। उस समय अमेराका-इजराइल द्वारा ईरानी ठिकानों पर सैन्य हमलों के बाद हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार प्राधिकरण ने कहा, “देश के हवाई क्षेत्र को फिर से खोलने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बहाली के बाद मदीना और इस्तांबुल के लिए सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित की गई हैं।”
अधिकारियों ने एक व्यापक विस्तार योजना की भी घोषणा की है। इसके तहत ईरान के विमानन नेटवर्क की चरणबद्ध बहाली के हिस्से के रूप में आने वाले दिनों में बगदाद, बाकू, दोहा और नजफ के लिए नए मार्ग शुरू होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि यह बहाली महीनों के बाद शुरू हुई है। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरानी ठिकानों पर किए गए हमलों के कारण हवाई क्षेत्र बंद हो गए थे, नागरिक मारे गए थे और व्यावसायिक परिचालन बड़े पैमाने पर निलंबित हो गए थे।
वाशिंगटन और तेहरान के बीच 7 अप्रैल को घोषित दो सप्ताह के संघर्ष-विराम ने तब से धीरे-धीरे हवाई क्षेत्र को फिर से खोलने के प्रयासों की अनुमति दी है, हालांकि राजनयिक वार्ता अभी भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों में इस्तांबुल, मस्कट और मदीना के लिए सेवाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 56 दिनों के अंतराल के बाद तेहरान-मशहद मार्ग जैसी घरेलू उड़ानें भी फिर से शुरू हो गई हैं।
विमानन अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी हवाई गलियारों और क्षेत्रीय केंद्रों-मशहद, जहेदान, केरमान, यज्द और बिरजंद को प्राथमिकता दी जा रही है। ईरान अपनी पारगमन क्षमता को फिर से बनाने और विदेशी विमानन कंपनियों को अपने हवाई क्षेत्र में वापस आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट