अमेरिकी सहायक विदेशमंत्री समीर पॉल कपूर का तीन दिवसीय नेपाल दौरा पूरा, स्वदेश रवाना
अमेरिकी सहायक विदेशमंत्री समीर पॉल कपूर का तीन दिवसीय नेपाल दौरा पूरा, स्वदेश रवाना
काठमांडू, अमेरिकी विदेश मंत्रालय में दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेशमंत्री समीर पॉल कपूर तीन दिवसीय नेपाल दौरा पूरा कर स्वदेश रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने उच्चस्तरीय बैठकों में नेपाल–अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने और व्यापारिक संबंधों के विस्तार पर चर्चा की। नेपाल स्थित अमेरिकी दूतावास ने यह जानकारी दी।
भारतीय मूल के कपूर २० अप्रैल को काठमांडू पहुंचे थे। बालेन सरकार बनने के बाद काठमांडू आने वाले वे सबसे वरिष्ठ विदेशी कूटनीतिज्ञ हैं। काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास के बयान में कहा गया कि नेपाल प्रवास के दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने, विदेशमंत्री शिशिर खनाल और वित्तमंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले से अलग-अलग मुलाकात की।
कपूर ने अमेरिका में होने वाले निवेश सम्मेलन में भाग लेने जा रहे नेपाली प्रतिनिधिमंडल के साथ भी संभावित अमेरिकी निवेश के अवसरों पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिकी और नेपाली निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर नेपाल के तेजी से विकसित हो रहे तकनीकी क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं की तलाश की। अपने दौरे के दौरान उन्होंने नेपाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बौद्धनाथ स्तूप और पाटन दरबार स्क्वायर का भ्रमण किया। इन धरोहरों के संरक्षण के लिए अमेरिका ‘एम्बेसडर्स फंड फॉर कल्चरल प्रिजर्वेशन’ के माध्यम से सहयोग करता रहा है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट