हैकरों ने श्रीलंका के वित्त मंत्रालय की कंप्यूटर प्रणाली में सेंध लगाई, चोरी को अंजाम दिया

हैकरों ने श्रीलंका के वित्त मंत्रालय की कंप्यूटर प्रणाली में सेंध लगाई, चोरी को अंजाम दिया

कोलंबो, 23 अप्रैल। श्रीलंका के वित्त मंत्रालय ने कहा है कि साइबर हैकरों ने मंत्रालय के बाह्य संसाधन विभाग के कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर उसमें सेंध लगा ली और विदेशी मुद्रा भुगतान से संबंधित चोरी को अंजाम दिया।

वित्त, योजना और आर्थिक विकास मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसने चोरी के संबंध में कानून प्रवर्तन एजेंसियों और अन्य संबंधित संस्थानों के पास शिकायत दर्ज करा दी है।

मंत्रालय के बयान में कहा गया है, ‘‘साइबर हैकरों ने संस्थान के अंदर बाह्य संसाधन विभाग के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगा ली है।’’

यह बयान विपक्ष के उस दावे के बाद जारी किया गया जिसमें कहा गया था कि 25 लाख अमेरिकी डॉलर के राजकोषीय धन को विदेशी ऋण चुकाने से संबंधित ऑस्ट्रेलियाई खाते के बजाय किसी अन्य खाते में भेज दिया गया है।

विपक्ष के वकीलों के एक समूह ने संसद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि सितंबर 2025 में श्रीलंका को एक ऋणदाता को 2.29 करोड़ अमेरिकी डॉलर का भुगतान करना था।

वकीलों के समूह ने बताया कि 25 लाख अमेरिकी डॉलर की आंशिक राशि का भुगतान दिसंबर 2025 और 31 जनवरी 2026 के बीच किया गया था। अब यह खुलासा हुआ है कि आंशिक भुगतान सही ऋणदाता के खाते में नहीं बल्कि एक हैकर के खाते में पहुंचा था।

उन्होंने अध्यक्ष से इस मामले की जांच शुरू करने का आग्रह किया, क्योंकि सार्वजनिक वित्त संसद की जिम्मेदारी है।

यह मुद्दा संसद की लोक लेखा समिति (सीओपीए) की कार्यवाही में उठाया गया था।

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकारी प्रवक्ता और मंत्री नलिंदा जयतिस्सा ने कहा कि इस संबंध में जल्द एक आधिकारिक जवाब जारी किया जाएगा।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button