ट्रंप ने व्हाइट हाउस परिसर के भीतर एक सुरक्षित बॉलरूम के निर्माण को तेज करने की मांग की

ट्रंप ने व्हाइट हाउस परिसर के भीतर एक सुरक्षित बॉलरूम के निर्माण को तेज करने की मांग की

वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद व्हाइट हाउस परिसर के भीतर ही एक विशाल और सुरक्षित ‘बॉलरूम’ के निर्माण को तेज करने की मांग की है।

श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा कि कल रात जो हुआ, वह इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि पिछले 150 वर्षों से हर राष्ट्रपति और सुरक्षा एजेंसियां व्हाइट हाउस के भीतर एक सुरक्षित आयोजन स्थल की मांग क्यों कर रही थीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वर्तमान में व्हाइट हाउस के भीतर एक ‘मिलिट्री टॉप सीक्रेट बॉलरूम’ का निर्माण चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि यह बॉलरूम तैयार होता, तो कल रात की घटना कभी नहीं होती। उन्होंने कहा, “इसे और तेजी से बनाने की जरूरत है। यह न केवल सुंदर होगा, बल्कि इसमें सुरक्षा के उच्चतम स्तर के फीचर्स भी होंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि यह दुनिया की सबसे सुरक्षित इमारत यानी व्हाइट हाउस के भीतर होगा।”

श्री ट्रंप ने इस परियोजना के खिलाफ चल रहे मुकदमों पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बॉलरूम के निर्माण को रोकने के लिए किए गए ‘हास्यास्पद’ मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुत्ता घुमाने वाली एक महिला द्वारा दायर की गई इस याचिका का कोई आधार नहीं है और किसी भी चीज को इस निर्माण कार्य में बाधा नहीं बनने दिया जाना चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने जानकारी दी कि बॉलरूम का निर्माण कार्य बजट के भीतर है और तय समय सीमा से काफी आगे चल रहा है। उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा होटलों या बाहर के आयोजन स्थलों में ऊपर के कमरों में असुरक्षित लोग मौजूद रहते हैं, जो सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं, जबकि नया बॉलरूम इन सभी खतरों से मुक्त होगा।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button