लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री व अन्य ने पी.वी. नरसिम्हा राव को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री व अन्य ने पी.वी. नरसिम्हा राव को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बिरला ने एक्स पर कहा, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न दिवंगत पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर सविनय नमन।देश की प्रगति के लिए नीति निर्माता के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने देश के इतिहास के एक अहम दौर में भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक कुशल प्रशासक के तौर पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वे एक विद्वान भी थे और उन्हें भारत की विविध संस्कृति का गहरा ज्ञान और समझ थी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एक दूरदर्शी नेता और राजनेता के तौर पर पी. वी. नरसिम्हा राव ने भारत की आर्थिक यात्रा में एक अहम भूमिका निभाई। देश के लिए उनके योगदान और उनके जीवन को हमेशा याद किया जाएगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव की सरकार द्वारा शुरू किए गए क्रांतिकारी आर्थिक उदारीकरण ने विकास की गति बढ़ाई, मध्यम वर्ग के लिए अवसर बढ़ाए और देश को दीर्घकालिक विकास की राह पर अग्रसर किया। उनके कार्यकाल में भारत के परमाणु कार्यक्रम में उल्लेखनीय प्रगति हुई और दूरदर्शी कूटनीतिक पहलें की गईं, जिनमें ऐतिहासिक ‘लुक ईस्ट’ नीति भी शामिल है। भारत की प्रगति और राष्ट्र-निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

केंद्रीय कोयला एवं खानमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना राज्य के गौरवशाली सपूत और हमारे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पी.वी. नरसिम्हा राव गारू को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूँ। एक दूरदर्शी, विद्वान और बेहतरीन प्रशासक के तौर पर, देश की प्रगति और हैदराबाद मुक्ति संग्राम में उनका योगदान उल्लेखनीय है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button