रामलिंगा रेड्डी ने कर्नाटक के मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की
रामलिंगा रेड्डी ने कर्नाटक के मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की
बेंगलुरु, कांग्रेस नेता रामलिंगा रेड्डी ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह बेंगलुरु विकास विभाग चाहते थे, लेकिन उन्हें बड़ी और मध्यम सिंचाई परियोजनाओं का विभाग सौंप दिया गया। इस्तीफे की घोषणा मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार द्वारा बृहस्पतिवार रात को मंत्रियों को विभागों का बंटवारा किए जाने के बाद आई है।
रेड्डी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं क्योंकि मैं अपनी अंतरात्मा के विरुद्ध जाकर काम नहीं कर सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस अपमान को आखिर कब तक सहन करूं और मेरे पास इसके अलावा क्या विकल्प था?’’ यह घटनाक्रम शिवकुमार सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिसने बुधवार को ही सत्ता संभाली थी।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान ही कांग्रेस नेतृत्व की ओर से असंतुष्ट मंत्री को मनाने की आखिरी कोशिश की गई। पार्टी नेतृत्व का संदेश लेकर कुछ नेता उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन रेड्डी अपने फैसले पर अडिग रहे। रेड्डी ने नेताओं से कहा कि अब किसी भी सुझाव पर ध्यान देने का समय निकल चुका है। हालांकि उन्होंने कहा, ‘‘मैं विधायक बना रहूंगा और कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दूंगा।’’
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट