कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या
कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में उत्तर 24-परगना के मध्यमग्राम के पास बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या कर दी , जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने यह जानकारी दी। सड़क मार्ग से मध्यमग्राम कोलकाता से लगभग 22 किलोमीटर दूर है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह घटना तब हुई जब बदमाशों ने श्री अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की कार को निशाना बनाते हुए कम से कम 16 राउंड गोलियां चलाईं। हमले के समय रथ और एक अन्य युवक बुद्धदेव बेरा गाड़ी के अंदर मौजूद थे। दोनों को बचाकर पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने रथ को “मृत घोषित” कर दिया।
बेरा को भी गंभीर चोटें आई थीं। उसे बाद में कोलकाता में ईएम बाईपास के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हालांकि रथ मूल रूप से पूर्वी मिदनापुर जिले का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह उत्तर 24-परगना के मध्यमग्राम इलाके में रह रहा था।
भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि वह उस टीम का एक सक्रिय सदस्य था, जिसने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में श्री अधिकारी के लिए प्रचार किया था। बताया जा रहा है कि बेरा भी इसी समूह से जुड़ा हुआ था।
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने आरोप लगाया कि रथ की हत्या “तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों” ने की है, जिससे राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हमले के पीछे के मकसद के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट