केरल की अर्थव्यवस्था ‘पोंजी स्कीम’ में बदल गई है: राजीव चंद्रशेखर
केरल की अर्थव्यवस्था ‘पोंजी स्कीम’ में बदल गई है: राजीव चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन द्वारा विधानसभा में राज्य के वित्त को लेकर पेश किए गए श्वेत पत्र ने केरल की आर्थिक स्थिति को लेकर उनकी उन चिंताओं को और पुख्ता कर दिया है, जिन्हें वह पिछले एक वर्ष से अधिक समय से उठा रहे हैं।
चंद्रशेखर विधानसभा में बृहस्पतिवार को प्रस्तुत दस्तावेज पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति को गंभीर रूप से कमजोर किया और केरल को बढ़ते वित्तीय दबावों के बीच छोड़ा है।
चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि केरल का कर्ज बढ़कर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 38 प्रतिशत हो गया है, जबकि राजस्व प्राप्तियों का 99 प्रतिशत हिस्सा नियमित खर्चों को पूरा करने में खर्च हो रहा है। उनके अनुसार, इससे विकास कार्यों के लिए बहुत कम गुंजाइश बची है और पूंजीगत व्यय घटकर लगभग एक प्रतिशत रह गया है।
विधायक ने कहा, “संक्षेप में कहें तो, एलडीएफ सरकार ने केरल की अर्थव्यवस्था को ‘पोंजी स्कीम’ में बदल दिया है।” भाजपा नेता ने कहा कि श्वेत पत्र में सामने आए निष्कर्ष उन चेतावनियों से मेल खाते हैं, जो वह पिछले 14 महीनों से लगातार दे रहे थे।
चंद्रशेखर ने माकपा और कांग्रेस दोनों की आलोचना करते हुए कहा कि वामपंथी सरकार के एक दशक के शासन और कांग्रेस के एक प्रभावी विपक्ष के रूप में कार्य नहीं कर पाने से राज्य की मौजूदा वित्तीय समस्याएं और गंभीर हो गई हैं। उन्होंने कहा, “बिना किसी नये निवेश के, आज हमारा केरल बढ़ते कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है।”
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट