तेलंगाना : भाजपा ने कांग्रेस और बीआरएस को सार्वजनिक बहस की दी चुनौती

तेलंगाना : भाजपा ने कांग्रेस और बीआरएस को सार्वजनिक बहस की दी चुनौती

हैदराबाद, । तेलंगाना की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार की सार्वजनिक बहस की चुनौती के बाद भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि पार्टी कांग्रेस और बीआरएस को जनता के सामने तथ्यों और सबूतों के साथ बेनकाब करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

एन. रामचंदर राव ने बंडी संजय कुमार के ‘एक्स’ पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा खुद इस सार्वजनिक बहस के लिए मंच तैयार करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बहस में कांग्रेस और बीआरएस से गुरुकुल टेंडर घोटाले, भ्रष्टाचार और शासन की कथित विफलताओं जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इन सभी मामलों में तथ्य, आंकड़े और सबूत जनता के सामने रखेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस बहस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से तेलंगाना के विकास के लिए किए गए बदलावकारी कार्यों और योगदान को भी विस्तार से जनता के सामने रखेगी।

इससे पहले केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने रीपोस्ट को भी एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस और बीआरएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों के बीच चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम की तुलना टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ से करते हुए कहा कि कैमरों के सामने दोनों दल एक-दूसरे से लड़ते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे की रक्षा करते हैं। उन्होंने इसे दोनों पार्टियों की ‘असल स्क्रिप्ट’ बताया।

बंडी संजय कुमार ने कहा कि अब राजनीतिक नाटक काफी हो चुका है। उन्होंने बताया कि वह भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष एन. रामचंदर राव से सार्वजनिक बहस का मंच तैयार करने का अनुरोध करेंगे ताकि कांग्रेस और बीआरएस गुरुकुल टेंडर, तेलंगाना पर बढ़ते कर्ज, भ्रष्टाचार और शासन की विफलताओं पर जनता को जवाब दें।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा दोनों दलों को तथ्यों के आधार पर बेनकाब करेगी और साथ ही केंद्र सरकार के विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखेगी। संजय ने कहा कि तेलंगाना अब कांग्रेस और बीआरएस की ‘डबल एलिमिनेशन’ के लिए तैयार है और ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार का स्वागत करने के लिए भी तैयार है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button