भारत के नक्शे से जम्मू कश्मीर गायब…BCCI के ब्लंडर से सोशल मीडिया पर मचा बवाल! तस्वीरें हो रहीं वायरल
भारत के नक्शे से जम्मू कश्मीर गायब…BCCI के ब्लंडर से सोशल मीडिया पर मचा बवाल! तस्वीरें हो रहीं वायरल
हिमाचल, प्रदेश के धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 टी20 के पहले क्वालीफायर मैच के दौरान इनिंग ब्रेक में आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों और दर्शकों को RCB और GT के बीच क्वालीफायर 1 के इनिंग ब्रेक में एक शानदार म्यूजिक और लाइट शो देखने को मिला । हालांकि, यहां एक बड़ी चूक हो गई। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित भारतीय मानचित्र को गलत तरीके से दिखाया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
बता दें कि आईपीएल ट्रॉफी पर लेजर लाइट से प्रदर्शित मानचित्र में देश के कई हिस्से गायब दिखे हैं, जिनमें जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर पूर्वी भारत का अधिकांश भाग दिखाया ही नहीं गया है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
भारत के अधूरे नक्शे को लेकर सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं। लोग इसके लिए BCCI की आलोचना कर रहे हैं। कई लोगों ने इस गलती के लिए बीसीसीआई, आईसीसी प्रमुख जय शाह और एचपीसीए की आलोचना की है।
मैच का हाल
करीब 25 मिनट तक चले इस शो से पहले आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवर में 254 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर के इस बल्लेबाज ने महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और नौ छक्के शामिल थे। इस शो में म्यूजिक प्रस्तुति भी शामिल थीं, साथ ही उन टीमों का लेजर से प्रदर्शन भी किया गया जो प्लेऑफ में पहुंची हैं।
प्लेऑफ में रजत पाटीदार के नाम दर्ज हुआ ये रिकॉर्ड
रजत पाटीदार की यह पारी आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे बड़े स्कोर में शामिल हो गई। इससे पहले डेविड वॉर्नर भी प्लेऑफ में नाबाद 93 रन बना चुके थे, लेकिन उन्होंने इसके लिए 58 गेंदों का सामना किया था।
इसके अलावा पाटीदार ने आरसीबी के लिए प्लेऑफ में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी दर्ज किया। दिलचस्प बात यह है कि फ्रेंचाइजी के लिए प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर भी उनके ही नाम है, जब उन्होंने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन बनाए थे।
दीद्दार ए हिन्द की रीपोर्ट