धौलाधार की पहाड़ियों में दिखेगा आईपीएल का रोमांच: धर्मशाला पहुंची पंजाब किंग्स की टीम

धौलाधार की पहाड़ियों में दिखेगा आईपीएल का रोमांच: धर्मशाला पहुंची पंजाब किंग्स की टीम

-क्वालीफायर मुकाबले सहित तीन बड़े मैचों की मेजबानी करेगा एचपीसीए स्टेडियम

धर्मशाला, 08 मई। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आईपीएल 2026 की हलचल तेज हो गई है। पंजाब किंग्स की टीम विशेष विमान के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची, जहां सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। टीम यहां 11 मई को दिल्ली कैपिटल्, 14 मई को मुंबई इंडियंस और 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन महत्वपूर्ण मैच खेलेगी। बर्फ से ढकी धौलाधार पहाड़ियों के बीच स्थित एचपीसीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पंजाब की टीम लंबे अभ्यास सत्र के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

इस सीजन में आईपीएल मैचों के रोमांच के साथ-साथ टिकटों की कीमतों ने भी सबको चौंका दिया है। पिछले वर्षों की तुलना में टिकट दरें काफी बढ़ गई हैं; जो टिकट पहले 1200 रुपये में मिलते थे, उनकी शुरुआत अब 2500 रुपये से हो रही है, जबकि प्रीमियम टिकट 22,500 रुपये तक पहुंच गए हैं। एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने स्पष्ट किया है कि कीमतों का निर्धारण पूरी तरह से फ्रेंचाइजी के हाथ में है। हालांकि टिकटों की ऑनलाइन बिक्री तेजी से जारी है, लेकिन ऑफलाइन काउंटर न होने से कुछ प्रशंसक निराश नजर आ रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि धर्मशाला का यह खूबसूरत मैदान इस बार न केवल लीग मैचों, बल्कि सीजन के पहले क्वालीफायर मुकाबले की भी मेजबानी करेगा। बीसीसीआई के शेड्यूल के अनुसार, 26 मई को होने वाले इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर एचपीसीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस आयोजन से स्थानीय पर्यटन और होटल कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमियों में अपने पसंदीदा सितारों को दुनिया के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक में खेलते देखने के लिए भारी उत्साह है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button