नियम तोड़ने वाली आईपीएल टीमों पर कार्रवाई करेगा बीसीसीआई : सैकिया
नियम तोड़ने वाली आईपीएल टीमों पर कार्रवाई करेगा बीसीसीआई : सैकिया
मुंबई, । बीसीसीआई ने कहा है कि आईपीएल 2026 में नियमों का उल्लंघन करने वाली टीमों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को यह बात कही। मौजूदा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स दो बार ग़लत कारणों से चर्चा में रही। पहली बार तब जब टीम मैनेजर रविंदर सिंह भिंडर मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए दिखे। दूसरी घटना तब हुई जब कप्तान रियान पराग एक मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पकड़े गए।
भिंडर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जबकि पराग के मैच फ़ीस का 25 प्रतिशत काटा गया और उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया।
सैकिया ने मुंबई में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के दौरान कहा, “हम यह देख रहे हैं कि जो टीमें नियमों का उल्लंघन कर रही हैं, उनके ख़िलाफ़ और क्या कदम उठाए जा सकते हैं। हम कुछ कार्रवाई करेंगे। हम आईपीएल के नियमों और प्रोटोकॉल का जायजा ले रहे हैं, ख़ासकर इस बात का कि टीमें किस तरह व्यवहार कर रही हैं।”
भिंडर ने बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट को बताया था कि यह ग़लती अनजाने में हुई और जुर्माना लगने से पहले उन्होंने माफ़ी भी मांगी थी।
सैकिया ने कहा, “यह सिर्फ़ खिलाड़ियों या अधिकारियों की बात नहीं है। एक टीम के तौर पर उन्हें मर्यादा बनाए रखनी होगी ताकि आईपीएल की छवि पर कोई बुरा असर न पड़े। इसे सुनिश्चित करने के लिए हमें फै़सला लेना होगा और हम कार्रवाई करेंगे।”
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने हाल ही में कहा था कि इन दोनों मामलों को बीसीसीआई और फ्रेंचाइज़ी ने सुलझा लिया है और टीम हमेशा एक सकारात्मक और स्वस्थ माहौल बनाए रखने की कोशिश करती है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट