आईपीएल 2026 में आज दिल्ली और बेंगलुरु के बीच हाई-वोल्टेज भिड़ंत

आईपीएल 2026 में आज दिल्ली और बेंगलुरु के बीच हाई-वोल्टेज भिड़ंत

नई दिल्ली, आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में आज मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से उनके घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज आरसीबी इस मैच में पिछली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेगी, क्योंकि इसी सीजन के पिछले मुकाबले में दिल्ली ने उन्हें 6 विकेट से मात दी थी। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी जहां गुजरात को हराकर आत्मविश्वास से भरी है, वहीं अक्षर पटेल की अगुवाई वाली दिल्ली अपने पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ 264 रन बनाने के बावजूद मिली हार के गम से उबरने की कोशिश करेगी।

इस मैच में सबकी निगाहें दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पर टिकी होंगी, जो अपने घरेलू मैदान पर एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़े हैं। कोहली को आईपीएल इतिहास में 9,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनने के लिए केवल 11 रनों की आवश्यकता है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से कोहली का पुराना और गहरा नाता रहा है, जहां उनका औसत 66.8 का है और वे यहां 7 अर्धशतक जड़ चुके हैं। स्थानीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि ‘किंग कोहली’ अपने घर में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल कर मैच को यादगार बनाएंगे।

अरुण जेटली स्टेडियम की पिच इस सीजन में बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई है, जहां पिछले मैच में 500 से अधिक रन बने थे। हेड-टू-हेड आंकड़ों की बात करें तो आरसीबी का पलड़ा भारी नजर आता है; दोनों टीमों के बीच हुए 34 मैचों में से बेंगलुरु ने 20 जीते हैं, जबकि दिल्ली को 13 में सफलता मिली है। हालांकि, दिल्ली ने पिछले दो मुकाबलों में आरसीबी को हराकर अपनी चुनौती पेश की है। टॉस जीतने वाली टीम यहां ओस (Dew) के प्रभाव को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि इस मैदान पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों का रिकॉर्ड शानदार रहा है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button