33 साल बाद ‘बल्लू बलराम’ की वापसी के साथ ‘खलनायक रिटर्न्स’ का धमाका
33 साल बाद ‘बल्लू बलराम’ की वापसी के साथ ‘खलनायक रिटर्न्स’ का धमाका
हैदराबाद, बॉलीवुड सुपरस्टार संजय दत्त, जिनकी हालिया फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर इतिहास रच दिया है, अब अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल के साथ लौट रहे हैं। संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर ‘खलनायक रिटर्न्स’ का दमदार फर्स्ट लुक पोस्टर और टीज़र जारी किया है। 1 मिनट 12 सेकंड के इस वीडियो में बल्लू बलराम को जेल की जंजीरें तोड़ते और अपनी उंगलियों की आग से सिगरेट जलाते हुए दिखाया गया है। फिल्म का मशहूर डायलॉग “10 अक्टूबर, रात के 10 बजे, बल्लू जेल से फुर्रररररर” एक बार फिर दर्शकों के रोंगटे खड़े कर रहा है।
1993 में रिलीज हुई ‘खलनायक’ से जुड़े कई रोचक तथ्य अब फिर से चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, सुभाष घई पहले बल्लू के किरदार के लिए नाना पाटेकर को लेना चाहते थे क्योंकि वे एक अधेड़ उम्र का विलेन देख रहे थे। बाद में कहानी को ‘भटके हुए युवा’ की ओर मोड़ा गया और संजय दत्त की एंट्री हुई। दिलचस्प बात यह है कि इस रोल के लिए अनिल कपूर भी बेहद उत्सुक थे, लेकिन बाजी संजू बाबा के हाथ लगी। इतना ही नहीं, ‘खलनायक’ की पटकथा मूल रूप से अमिताभ बच्चन की बंद हो चुकी फिल्म ‘देवा’ पर आधारित थी, जिसे घई ने नए सिरे से तैयार किया था।
महज 5 करोड़ के बजट में बनी 1993 की ‘खलनायक’ ने उस दौर में 25 करोड़ का कारोबार कर सबको चौंका दिया था। उस समय संजय दत्त की गिरफ्तारी के कारण फिल्म की रिलीज पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, लेकिन फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई। अब ‘खलनायक रिटर्न्स’ के साथ संजय दत्त एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने को तैयार हैं। फैंस को अब फिल्म की बाकी स्टारकास्ट और रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी और कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट