भाजपा शासन में अब पीड़ित को प्रताड़ित करने की बनी है नई व्यवस्था : प्रियंका
भाजपा शासन में अब पीड़ित को प्रताड़ित करने की बनी है नई व्यवस्था : प्रियंका
नई दिल्ली, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में एक युवती की हत्या से पहले उसकी शिकायत दर्ज करने में आनाकानी करने, फिर दबंगों के पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि भाजपा शासन में अब यह नई व्यवस्था बन गई है।
श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार चरम पर है।”
उन्होंने कहा “भाजपा राज में अब यही अघोषित कानून बन गया है कि जब भी किसी महिला पर अत्याचार होता है तो पीड़ित को ही और प्रताड़ित किया जाता है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा “महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री जी की बड़ी-बड़ी बातें सिर्फ दिखावा हैं। उन्नाव हो, हाथरस हो, प्रयागराज हो या गाजीपुर, जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, भाजपा अपनी पूरी सत्ता के साथ पीड़िता के खिलाफ, अत्याचारी के साथ खड़ी हो गई। देश भर की महिलाएं ये अंधेरगर्दी देख रही हैं।”
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट