हिमाचल की बेटी हितिका बाली का पैतृक गांव में जोरदार स्वागत: ‘धुरंधर-2’ की सफलता के बाद चेकुल पहुंचीं अभिनेत्री

हिमाचल की बेटी हितिका बाली का पैतृक गांव में जोरदार स्वागत: ‘धुरंधर-2’ की सफलता के बाद चेकुल पहुंचीं अभिनेत्री

शिमला/रामपुर, के शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी हितिका बाली इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर-2’ में जसकीरत सिंह रंगी की बहन का यादगार किरदार निभाने के बाद जब हितिका पहली बार अपने पैतृक गांव चेकुल पहुंचीं, तो वहां उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपनी लाडली का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। अपनी जड़ों से जुड़ी हितिका ने गांव पहुंचते ही सबसे पहले पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने इष्ट देवता के मंदिर में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।

हितिका की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कुमारसैन और हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्हें देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें युवाओं और महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक छोटे से गांव से निकलकर सिनेमा के बड़े पर्दे तक का सफर तय करना आसान नहीं था, लेकिन हितिका ने अपनी कड़ी मेहनत और अभिनय प्रतिभा से इसे संभव कर दिखाया है। आज वह प्रदेश के उन तमाम युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं, जो कला के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

इस विशेष अवसर पर हितिका के माता-पिता अपनी बेटी की सफलता और ग्रामीणों से मिले असीम प्यार को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के सपनों को उड़ान देने में उनका पूरा सहयोग करें। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने हितिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हितिका ने भी अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के समर्थन और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। गांव की इस बेटी की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button