शी चिनफिंग और ट्रंप कई नए साझा समझौतों पर सहमत हुए : चीनी विदेश मंत्रालय

शी चिनफिंग और ट्रंप कई नए साझा समझौतों पर सहमत हुए : चीनी विदेश मंत्रालय

बीजिंग, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों और विश्व से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया और दोनों नेताओं के बीच कई नए साझा समझौतों पर सहमति बनी। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

चीन की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे ट्रंप और शी चिनफिंग ने बृहस्पतिवार को दो बार मुलाकात की और द्विपक्षीय एवं वैश्विक मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर चर्चा की।

ट्रंप शी चिनफिंग के साथ दोपहर के भोजन के बाद शुक्रवार को रवाना होंगे।

ट्रंप की बीजिंग यात्रा के परिणामों का सारांश बताते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों राष्ट्रपतियों ने दोनों देशों और विश्व से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया और उनके बीच कई नए साझा समझौतों पर सहमति बनी।

उन्होंने रणनीतिक स्थिरता पर आधारित रचनात्मक चीन-अमेरिका संबंधों के निर्माण के लिए एक नए दृष्टिकोण पर सहमति व्यक्त की, जो अगले तीन वर्षों और उससे आगे द्विपक्षीय संबंधों के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

मंत्रालय के प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि दोनों राष्ट्रपतियों ने चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर, सुदृढ़ और सतत विकास को बढ़ावा देने और विश्व में अधिक शांति, समृद्धि और प्रगति लाने पर भी सहमति जताई।

ट्रंप ने शी चिनफिंग के निमंत्रण पर चीन का दौरा किया।

बयान में कहा गया है कि पिछले साल अक्टूबर में बुसान में हुई मुलाकात के बाद दोनों राष्ट्रपति पहली बार आमने-सामने मिल रहे हैं। नौ वर्षों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन की यह पहली यात्रा है।

बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति शी ने ट्रंप के लिए स्वागत समारोह और भोज का आयोजन किया, उनसे बातचीत की और उनके साथ ‘टेंपल ऑफ हेवन’ की यात्रा की।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button