डॉलर इंडस्ट्रीज के संस्थापक दीनदयाल गुप्ता का निधन, उद्योग जगत में शोक की लहर

डॉलर इंडस्ट्रीज के संस्थापक दीनदयाल गुप्ता का निधन, उद्योग जगत में शोक की लहर

कोलकाता, 04 मई । देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और डॉलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन एमेरिटस दीनदयाल गुप्ता का कोलकाता में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। उनके निधन से न केवल कंपनी बल्कि भारतीय होजरी और परिधान उद्योग में एक युग का अंत हो गया है।

श्री गुप्ता एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने पाँच दशकों से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व करते हुए इसे छोटे स्तर से देश की अग्रणी होजरी और परिधान कंपनियों में शामिल किया। उनके नेतृत्व में कंपनी लगभग 1700 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार वाले समूह के रूप में विकसित हुई।

13 सितंबर 1937 को हरियाणा के भिवानी जिले के मनहेरू गांव में जन्मे श्री गुप्ता ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से सफलता की नई ऊंचाइयाँ हासिल कीं। वर्ष 1962 में कोलकाता आकर उन्होंने ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप होजरी उत्पादों का निर्माण शुरू किया और साथ ही मजबूत बाजार एवं वितरण नेटवर्क खड़ा किया।

वर्ष 1972 में उन्होंने डॉलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड की स्थापना की, जिसे उन्होंने गुणवत्ता और नवाचार के दम पर एक विश्वसनीय ब्रांड बना दिया। कंपनी ने मध्यप्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों और दार्जिलिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

व्यवसाय के अलावा श्री गुप्ता सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। उन्होंने हरियाणा विद्या मंदिर स्कूल की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विभिन्न गुरुकुल संस्थाओं से जुड़े रहे। साथ ही कई सामाजिक संगठनों में सक्रिय योगदान दिया।

उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वेस्ट बंगाल होजरी एसोसिएशन का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और सनमार्ग बिजनेस अवॉर्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हुए।

श्री गुप्ता अपने पीछे पत्नी, चार पुत्र और नाती-पोतों का परिवार छोड़ गए हैं, जो अब इस व्यवसायिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button