चार मई को नतीजे आते ही भाजपा नेता बंगाल छोड़ देंगे : ममता

चार मई को नतीजे आते ही भाजपा नेता बंगाल छोड़ देंगे : ममता

जगतबल्लभपुर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा है और पार्टी राज्य की सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने कहा कि कि चार मई को जैसे ही चुनाव परिणाम आने शुरू होंगे, भाजपा नेता राज्य छोड़कर भाग जायेंगे।

हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सुश्री बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि अमित शाह 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में लोगों को वोट देने से रोकने की योजना बना रहे हैं।

सुश्री ममता ने कहा, “अपनी हार भांपते हुए श्री शाह ने आज प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की है और वे कोशिश करेंगे कि 29 अप्रैल को लोग वोट न डाल सकें।”

मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “सुबह ही मतदान केंद्रों पर जायें और अपना वोट डालें। निश्चिंत रहें कि तृणमूल कांग्रेस ही सत्ता में आ रही है। चार मई को जब नतीजे आयेंगे, तो ये सभी भाजपा नेता राज्य से चले जायेंगे।”

सुश्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बंगाल में सिर्फ ‘झूठ बोलने और लोगों को गुमराह करने’ आते हैं। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “निडर रहें। जब तक हम यहां हैं, तब तक कोई एनआरसी या डिटेंशन कैंप नहीं होगा।” उन्होंने भाजपा पर ‘छद्म हिंदुत्व’ का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल के लोगों को भाजपा से धर्म सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “हम श्री चैतन्य और श्री रामकृष्ण की धरती से हैं। हम समावेशिता में विश्वास करते हैं और दूसरों के धर्म से नफरत नहीं करते।”

भोजन और पहनावे के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे खान-पान को नियंत्रित करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा, “हम शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का भोजन करते हैं, यह हमारी पसंद है। भाजपा बंगाली बोलने वालों को घुसपैठिया, मुस्लिमों को पाकिस्तानी और सिखों को खालिस्तानी बताती है।”

सुश्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को हुए पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में लंबी कतारों में लगकर वोट दिया है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे भाजपा के झूठ में न आयें, क्योंकि वे ‘प्रवासी पक्षियों’ की तरह हैं, जो चुनाव के वक्त आते हैं और फिर चले जाते हैं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button