चंबल उद्यान हाड़ौती की विरासत और कोटा की पहचान है : बिरला

चंबल उद्यान हाड़ौती की विरासत और कोटा की पहचान है : बिरला

कोटा, राजस्थान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कहा कि चंबल उद्यान हाड़ौती की विरासत और कोटा की पहचान है।

श्री बिरला ने आज यहां चंबल उद्यान एवं किशोरपुरा मुक्तिधाम के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह में कहा कि करीब पांच दशक पहले विकसित इस ऐतिहासिक स्थल को अब आधुनिक सुविधाओं के साथ नया स्वरूप दिया जायेगा, ताकि यह राजस्थान और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। चंबल नदी का प्राकृतिक सौंदर्य, निकट स्थित भगवान शिव का प्राचीन धार्मिक स्थल भीतरिया कुंड और आधुनिक सुविधाएं मिलकर इसे पर्यटन का नया आकर्षण बनायेंगी।

उन्होंने कहा कि दो वर्ष बाद यह उद्यान केवल कोटा ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। कोटा के समग्र विकास का जो सपना हमने देखा था, वह अब तेजी से धरातल पर साकार हो रहा है। आने वाले वर्षों में हमारा कोटा शिक्षा के साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधुनिक संरचना और सम्पर्क के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

श्री बिरला ने कहा कि जिला स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक स्वास्थ्य शहर, योग एवं आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी विकसित किया जा रहा है। ट्रिपल आईटी का विस्तार, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि उत्पादों के लिए प्रसंस्करण संयंत्र और खेल अधोसंरचना के विकास की योजनाएं क्षेत्र के युवाओं और किसानों के लिए नये अवसर सृजित करेंगी।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button