कोलकाता एयरपोर्ट पर अभिषेक बनर्जी पर ‘अंडा अटैक’ की साजिश का आरोप, टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हुई हाथापाई
कोलकाता एयरपोर्ट पर अभिषेक बनर्जी पर ‘अंडा अटैक’ की साजिश का आरोप, टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हुई हाथापाई
कोलकाता, 20 जून । शुक्रवार रात कोलकाता एयरपोर्ट पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आगमन से पहले जबरदस्त तनाव पैदा हो गया। टीएमसी समर्थकों ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंकने की साजिश रची थी, जिससे दोनों दलों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते एयरपोर्ट परिसर एक रणभूमि में तब्दील हो गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस बल की कड़ी मशक्कत
हालात को बेकाबू होते देख स्थानीय पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद रात करीब 10:45 बजे अभिषेक बनर्जी को कड़ी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से बाहर सुरक्षित निकाला गया। इस पूरी घटना के दौरान एयरपोर्ट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था नजर आई।
‘एग थेरेपी’ की राजनीति
पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ समय से राजनीतिक विरोध के तौर पर ‘एग थेरेपी’ का चलन काफी बढ़ गया है, जिसमें अक्सर तृणमूल नेताओं को निशाना बनाया जाता है। इससे पहले अलीपुर कोर्ट परिसर में भी पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास को इसी तरह के विरोध और अंडा फेंकने की धमकियों का सामना करना पड़ा था। आए दिन सामने आ रही ऐसी घटनाएं राज्य की राजनीति में बढ़ती कटुता को दर्शाती हैं।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट